बाहरी उत्तरी दिल्ली के एसजीटी नगर क्षेत्र में दो ट्रकों के बीच दबने से 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। इस हादसे पूरे इलाके में सनसनी मचा दी। पुलिस के मुताबिक, दीपक, जो खलासी के रूप में काम करता था, शनिवार को दोपहर करीब 2:30 बजे एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। ये हादसा तब हुआ जब एक कंटेनर ट्रक का चालक वाहन को पीछे कर रहा था, जिससे दीपक एक खड़े ट्रक और उस कंटेनर ट्रक के बीच दब गया।
जब ये घटना घटी, दीपक अपने नियोक्ता, फिरोज खान, के ट्रक का दरवाजा खोल रहा था। फिरोज खान, जो मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के पुपरौआ गांव का निवासी है, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उन्होंने अपना ट्रक दो दिन पहले पार्किंग क्षेत्र में खड़ा किया था। पुलिस अधिकारी ने फिरोज की शिकायत के आधार पर कहा कि शनिवार को फिरोज ने देखा कि जब दीपक ट्रक का दरवाजा खोल रहा था, तभी एक कंटेनर ट्रक तेजी से पीछे की ओर बढ़ने लगा।
2 वाहनों के बीच दबकर मौत
शिकायत के अनुसार, दीपक दोनों वाहनों के बीच फंस गया था। इसके अनुसार फिरोज ने कंटेनर ट्रक के चालक को आगाह किया और उसने अपना वाहन आगे बढ़ाया, लेकिन तब तक दीपक जमीन पर गिर चुका था और उसके मुंह से बहुत खून बह रहा था।
पुलिस की कार्रवाई शुरू
पुलिस ने बताया कि दीपक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज करके कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
(इनपूत - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
