Republic Day 2024: आज भारत का 75वां गणतंत्र दिवस है। इस दिन को लेकर देशभर के लोगों में एक अलग ही उत्साह होता है। गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में अलग-अलग राज्यों की झांकियां निकलती हैं, जिन्हें देखने के लिए लोग सुबह से ही टीवी खोलकर देखने के लिए बैठ जाते हैं। गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम से पहले ध्वजारोहण होता है। जिसके बाद कर्तव्य पथ पर राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय मंत्रालयों समेत अन्य विभागों की भी झाकियां निकलती हैं। लेकिन परेड के बाद इन झांकियों का क्या होता है, क्या आप इस बारे में जानते हैं? आज हम इसी बारे में जानेंगे।
इस जगह लाई जाती है झांकियां
गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में बहुत सी सुंदर झांकियां निकाली जाती है, ये झाकियां कर्तव्य पथ से लेकर इंडिया गेट तक निकाली जाती है। इस दौरान लोग दूर बैठकर इन मनमोहकर झाकियों को देखते हैं। गणतंत्र दिवस परेड के बाद इन झाकियों को दिल्ली में इनकम टैक्स ऑफिस क्षेत्र के पास लाया जाता है। जहां आपको झांकियों को करीब से देखने का भी मौका मिलता है। यहां आकर आप सभी झाकियों को पास से देख सकते हैं।
कैसे चुनी जाती हैं झांकियां
गणतंत्र दिवस परेड को लेकर बहुत समय पहले से ही तैयारियां शुरू हो जाती है। इसकी तैयारी की जिम्मेदारी रक्षा मंत्रालय के पास होती है। गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने वाली झांकियों को रक्षा मंत्रालय से अप्रूवल लेना होता है। झांकियों का चयन करने के लिए एक एक्सपर्ट कमेटी गठित होती है। इस कमेटी के पास विभिन्न राज्यों की झांकियों के प्रस्ताव आते हैं, जिसके बाद इनके विषय, डिजाइन और विजुअल इंपैक्ट के आधार पर कमेटी इनकी जांच करती है और इनका चुनाव करती है। जो झांकियां रक्षा मंत्रालय के तय पैमानों पर खरी नहीं उतरती है, उन्हें गणतंत्र दिवस परेड में शामिल नहीं किया जाता है। इस बार दिल्ली, कर्नाटक, पंजाब और पश्चिम बंगाल की झांकियां शामिल नहीं हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
