Delhi News: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर प्रदीप ढाका ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली कैंट से विधायक वीरेंद्र कादियान के बेटे अंकित कादियान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसमें जान से मारने की कोशिश, लूट और पुलिस थाने में मारपीट जैसे आरोप शामिल हैं। प्रदीप ढाका ने इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत भी दर्ज कराई है। साथ ही घटना से जुड़े वीडियो सबूत भी सौंपने का दावा किया है।
प्रदीप ढाका के साथ दिल्ली कैंट में मारपीट
शिकायत के अनुसार, 6 दिसंबर 2025 की रात प्रदीप ढाका छतरपुर स्थित गुरुजी आश्रम दर्शन के लिए गए थे। रात के करीब 11:33 बजे वे दिल्ली कैंट के रास्ते अपने घर लौट रहे थे। तभी उन्होंने एक सफेद अर्टिगा कार (नंबर DL3FB 00001) को उनका पीछा करते देखा। प्रदीप के अनुसार सायरन और डिपर का इस्तेमाल कर उनकी गाड़ी को रुकवाया गया। उन्होंने वीआईपी गाड़ी समझकर रास्ता दिया, लेकिन उन्होंने अपनी गाड़ी को आगे लगा दिया और प्रदीप को गाड़ी से नीचे बुलाया।
अंकित कादियान पर मारपीट-लूट का आरोप
प्रदीप के अनुसार, यह एक सुनसान एरिया है, जहां पास में ही किरबी प्लेस की झुग्गियां स्थित है। कार में सवार पांच लोग नशे की हालत में थे। प्रदीप का आरोप है कि अंकित कादियान ने कार से उतरकर उसके साथ गाली-गलौज किया और गर्दन पकड़कर जेब से 8,400 रुपये भी निकाल लिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और झुग्गियों के अंदर भाग गए। प्रदीप ने उनका पीछा किया। साथ ही 112 नंबर पर कॉल करने की भी कोशिश की, लेकिन उनके फोन से कॉल नहीं लग पाई। जिसके बाद उनके साथी और मां ने अलग-अलग नंबर से पुलिस को घटना की सूचना दी।
प्रदीप की कार को तीन बार टक्कर मारने की कोशिश
शिकायत में यह भी कहा गया है कि पीछा करने के दौरान आरोपियों ने प्रदीप की कार को तीन बार टक्कर मारने की भी कोशिश की। प्रदीप का आरोप है कि अंकित कादियान, रोहन, नवीन और उनके दो साथियों ने पुलिस के सामने भी मारपीट की। इस दौरान प्रदीप का एक दांत टूट गया और उसके गले से सोने की चेन व लॉकेट भी आरोपियों ने छीन लिए। पुलिस ने मुश्किल से उसकी जान बचाई और दिल्ली कैंट थाने लेकर गई।
प्रदीप का विधायक वीरेंद्र कादियान पर आरोप
प्रदीप ढाका का दावा है कि पुलिस कार सवार लोगों को भी पकड़ने जा रही थी, तभी दिल्ली कैंट थाने में विधायक वीरेंद्र कादियान पहुंच गए। जिन्होंने कथित तौर पर उन्हें धमकाया गया। आरोप है कि विधायक के कहने पर प्रदीप के साथ थाने में दोबारा मारपीट की गई और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
