शहर

Delhi Building Fire: पहाड़गंज में खिलौना गोदाम में आग लगने से दो लोगों की मौत, जले हुए शव बरामद

दिल्ली के पहाड़गंज में स्थित एक इमारत की चौथी मंजिल पर बने खिलौना गोदाम में बुधवार शाम को भीषण आग लग गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। जिसके बाद मलबे से दो जले हुए शव बरामद हुए।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Delhi Building Fire: दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में बुधवार शाम एक इमारत में भीषण आग लग गई। जिसमें दो लोगों की जलने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जिसके बाद बिल्डिंग की चौथी मंजिल से दो जले हुए शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4:38 बजे सूचना मिली कि पहाड़गंज इलाके में एक इमारत की चौथी मंजिल पर बने एक खिलौना गोदाम में आग लगी है। जिसके बाद दिल्ली फायर सर्विस की 25 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। आग इतनी भीषण थी कि दो लोगों को बाहर निकलने का मौका भी मिले, जिससे उनकी जलने से मौत हो गई। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण घंटों की मशक्कत के बाद रात को लगभग 3 बजकर 20 मिनट पर आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

इमारत की चौथी मंजिल पर लगी आग

जानकारी के अनुसार इमारत में ग्राउंड फ्लोर के अलावा ऊपर चार मंजिलें हैं। जहां चौथी मंजिल पर एक अस्थायी ढांचा बनाया गया था, जिसमें खिलौनों का गोदाम चलाया जा रहा था। आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैली, जिस कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कई घंटे लग गए। आग बुझाने के बाद मलबे की तलाशी ली गई। जिसमें गोदाम से दो जले हुए शव बरामद हुए। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

आग के कारणों की जांच जारी

दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच कर रही है। विस्तृत जांच के बाद ही घटना की अधिक जानकारी पता चल सकेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article