CBSE Board Exam: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स को बड़ी राहत दी है। 17 फरवरी से कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं, जो 10 अप्रैल तक चलेंगी। इस दौरान छात्रों को परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचाने के लिए मेट्रो ने खास पहल की है।
सीबीएससी 10वीं और 12वीं एग्जाम दे रहे छात्रों को दिल्ली मेट्रो ने सुनाई राहत भरी खबर।
मेट्रो स्टेशन पर तुरंत की जाएगी छात्रों की स्क्रीनिंग
डीएमआरसी ने साफ किया है कि जिन छात्रों के पास सीबीएसई का एडमिट कार्ड होगा, उन्हें सुरक्षा जांच (फ्रिस्किंग) और टिकट काउंटरों पर प्राथमिकता दी जाएगी ताकि छात्र मानसिक तनाव से मुक्त रहकर समय पर अपने एग्जाम सेंटर पहुंच सकें। मेट्रो प्रशासन ने सीआईएसएफ के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था को इस तरह डिजाइन किया है कि छात्रों की स्क्रीनिंग तुरंत हो जाए। डीएमआर का उद्देश्य है कि परीक्षा के दौरान छात्र एग्जाम सेंटर पर आराम से पहुंचे।स्टेशनों पर स्पेशल स्टूडेंट अनाउंसमेंट की जाएंगी
एडमिट कार्ड दिखाने वाले छात्रों को टिकट ऑफिस मशीन (TOM) और कस्टमर केयर (CC) काउंटर पर टिकट लेने में भी प्राथमिकता मिलेगी। परीक्षा अवधि में मेट्रो स्टेशनों पर स्पेशल स्टूडेंट अनाउंसमेंट की जाएंगी, ताकि छात्रों को मार्गदर्शन मिल सके।
डीएमआरसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें और एडमिट कार्ड साथ रखें। अधिकारियों का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य परीक्षा के दिनों में बढ़े हुए यात्री दबाव के बावजूद छात्रों की यात्रा को सुगम और तनावमुक्त बनाना है।
