Delhi News: दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर शनिवार सुबह तकनीकी बाधा के चलते मेट्रो सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित रहीं। यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 से नई दिल्ली के बीच चलने वाली मेट्रो सेवाओं को उस समय नियंत्रित करना पड़ा, जब धौला कुआं और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन के बीच करीब 800 मीटर सिग्नलिंग केबल क्षतिग्रस्त पाई गई। अधिकारियों के अनुसार, यह नुकसान केबल चोरी की कोशिश के दौरान हुआ। जांच के दौरान कटे हुए केबल के टुकड़े मेट्रो पिलर नंबर-09 के पास मिले, हालांकि चोर केबल को अपने साथ ले जाने में सफल नहीं हो सके। इसके बावजूद सिग्नलिंग सिस्टम पर असर पड़ा, जिससे मेट्रो संचालन में सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।
हर 10 मिनट में ट्रेन उपलब्ध
सुरक्षा मानकों के तहत प्रभावित सेक्शन में मेट्रो ट्रेनों की रफ्तार 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक सीमित कर दी गई है। इसका असर धौला कुआं से शिवाजी स्टेडियम स्टेशन के बीच पड़ने वाले सफर पर पड़ा, जहां यात्रियों को सामान्य से अधिक समय लग रहा है। हालांकि, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के बाकी हिस्सों में मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं और ट्रेनों की निर्धारित आवृत्ति में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर आम तौर पर हर 10 मिनट में ट्रेन उपलब्ध रहती है। DMRC के मुताबिक, दिन के समय सिग्नलिंग केबल बदलने का काम करने से यात्रियों को बड़ी असुविधा हो सकती थी। इसी कारण मरम्मत और बहाली का कार्य रात में मेट्रो सेवा समाप्त होने के बाद किए जाने का निर्णय लिया गया है।
यात्रियों से की गई अपील
दिन के समय तकनीकी टीमें आवश्यक योजना और तैयारी में जुटी रहीं, ताकि रात में काम को समय पर पूरा किया जा सके। यात्रियों को स्थिति से अवगत कराने के लिए स्टेशनों और ट्रेनों के भीतर नियमित घोषणाएं की जा रही हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना तय करते समय अतिरिक्त समय को ध्यान में रखें, क्योंकि प्रभावित हिस्से में यात्रा का समय कुछ बढ़ सकता है। DMRC ने इस घटना पर खेद जताते हुए कहा है कि वह कानून-व्यवस्था से जुड़ी एजेंसियों के साथ समन्वय में है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। फिलहाल प्राथमिकता सिग्नलिंग सिस्टम की बहाली और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर है।
