शहर

Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, गर्मी से मिलेगी राहत; अप्रैल की शुरुआत से दिखेंगे गर्मी के तीखे तेवर

Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलने लगा है। तेज हवाओं के कारण दो दिनों तक दिल्ली के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। लेकिन अप्रैल की शुरुआत होते ही शहर वासियों को भीषण गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ेगा।

Image

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम

Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली के मौसम में फिर बदलाव होने लगे हैं। बीते दिनों खिली धूप और बढ़ी गर्मी के बाद अब, मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की मानें तो शहर में हवाएं 35 किमी प्रति घंटा की गति से चल सकती हैं। इस दौरान शहर के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। लेकिन दोपहर के दौरान गर्मी और चिलचिलाती धूप के कारण लोगों के पसीने छूच रहे हैं। आगामी दिनों में भीषण गर्मी का प्रकोप झेलने की दिल्लीवालों की तैयारी तेज हो गई है। लोग कूलर और एसी की सफाई करवा रहे हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल -

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज दिल्ली में तेज हवाएं चल सकती हैं। रात के दौरान अभी भी मौसम ठंडा बना हुआ है। लेकिन दिन चढ़ने के साथ तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होती है, जिससे गर्मी का एहसास होने लगता है। दोपहर होते गर्मी से लोगों के पसीने छूटने लग रहे हैं। जलती धूप में बाहर निकलना मुश्किल होने लगा है। मार्च के महीने में अप्रैल-मई वाली गर्मी का एहसास होने लगा है। बता दें गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया था, जो कि सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है। लेकिन कल की तुलना में आज तापमान में ढाई डिग्री की कमी दर्ज की गई है। कुछ दिनों तक दिल्ली में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। यहां 15 से 25 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बीच-बीच में हवाओं की गति बढ़कर 35 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है।

एनसीआर में मौसम का हाल

मौसम विभाग की मानें तो गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम साफ बना रहेगा। तेज धूप खिली रहेगी और हवाएं चलने की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान शहर का न्यूनतम तापमान क्रमशः 16 और 18 डिग्री रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान क्रमशः 34 और 36 डिग्री तक रहेगा। वहीं बात करें गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद की तो यहां तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर के समय हवाएं चलने से तेज धूप का असर कम महसूस होगा। गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है और तापमान में कमी आने की संभावना भी है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आज गौतमबुद्धनगर का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री रह सकता है। गाजियाबाद का न्यूनतम तापमान 19 और अधिकतम 34 डिग्री रहने की संभावना है। शनिवार तक नोएडा और गाजियाबाद में तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। उसके बाद इन दोनों शहरों में भी मौसम साफ होने लगेगा और गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ेगा।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article