Delhi NCR News: दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद केंद्र की प्रदूषण निगरानी संस्था ने मंगलवार को ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-4 के तहत लागू प्रतिबंधों को हटा लिया। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने जारी आदेश में स्पष्ट किया कि हालांकि स्टेज-4 के उपाय समाप्त कर दिए गए हैं, लेकिन संशोधित GRAP के स्टेज-1, स्टेज-2 और स्टेज-3 के तहत लागू नियम अब भी प्रभावी रहेंगे।
दिल्ली-एनसीआर को GRAP-4 से मिली राहत (फोटो: पीटीआई)
बाकी चरणों के नियम रहेंगे लागू
आयोग ने यह भी कहा कि सर्दियों के मौसम को देखते हुए, जब मौसम की परिस्थितियां हमेशा अनुकूल नहीं रहतीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के दोबारा बिगड़ने से रोकने के लिए नागरिकों से अनुरोध है कि वे GRAP के स्टेज-1, 2 और 3 के अंतर्गत जारी नागरिक दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें।
मंगलवार को ऐसा रहा AQI
बता दें कि, मंगलवार सुबह दिल्ली में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में हल्का सुधार देखा गया और यह 395 दर्ज किया गया, जो अब भी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। हालांकि इससे पहले लगातार तीन दिनों तक राजधानी की हवा ‘गंभीर’ स्तर पर बनी हुई थी। सुधार के संकेत मिलने के बावजूद, कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है।
आनंद विहार और जहांगीरपुरी के हालात खराब
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के समीर ऐप के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 23 वायु निगरानी केंद्रों पर AQI अब भी ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया। वहीं 14 केंद्रों पर हवा ‘बेहद खराब’ और एक केंद्र पर ‘खराब’ स्थिति में पाई गई। सबसे ज्यादा प्रदूषण वजीरपुर इलाके में दर्ज किया गया, जहां AQI 445 रहा। इसके बाद आनंद विहार में 444 और जहांगीरपुरी में 443 AQI रिकॉर्ड किया गया।
कब हुआ था ग्रैप-4 लागू?
CPCB के मानकों के अनुसार, AQI 0 से 50 के बीच होने पर हवा ‘अच्छी’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच होने पर ‘गंभीर’ श्रेणी में मानी जाती है। राजधानी में शनिवार, रविवार और सोमवार को लगातार AQI 400 से ऊपर रहा, जिससे वायु प्रदूषण की स्थिति अत्यंत खराब हो गई। इसी कारण वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) को GRAP के चरण-4 के तहत कड़े प्रतिबंध लागू करने पड़े थे।
(इनपुट - भाषा)
