Delhi NCR Weather: दिल्ली एनसीआर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। इसी कड़ी में मौसम विभाग IMD ने बताया है कि, गुरुवार रात तक दिल्ली के दक्षिण और मध्य हिस्सों, गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान हवा की गति हल्की बनी रहेगी और तापमान में गिरावट आएगी। इसके बाद कल सुबह शुक्रवार को ताजगी भरी बौछारों की नई गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके साथ ही, अगले चार दिन तेज हवाओं के साथ बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में मौसम विभाग का अलर्ट
नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना
28 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे शहर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं के चलने का भी अनुमान है। बारिश के बाद तापमान में थोड़ी कमी देखने को मिल सकती है। ऐसे में बृहस्पतिवार की देर रात से मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली में कल का मौसम का कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार, कल यानी शुक्रवार को पूरे दिन बादलों का कब्जा रहेगा और सुबह से दोपहर के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 28 मार्च को मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रहने की उम्मीद है, जबकि 29 मार्च को फिर से बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, 30 मार्च को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने का अनुमान है और इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
ऐसा रहा दिल्ली का AQI
गौरतलब है कि, बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन के समय गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई थी। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 176 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 तक 'अच्छा', 51 से 100 तक 'संतोषजनक', 101 से 200 तक 'मध्यम', 201 से 300 तक 'खराब', 301 से 400 तक 'बेहद खराब' और 401 से 500 तक 'गंभीर' माना जाता है।
