Delhi Murder News: गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद अब दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले से एक और सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। न्यू उस्मानपुर इलाके में सोमवार देर रात एक 17 वर्षीय किशोर की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे
जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय अभिषेक रविवार रात करीब 10:30 बजे कुछ सामान खरीदने के लिए घर से बाहर गया था। आरोप है कि पहले से कुछ नाबालिग युवक घात लगाकर उसके इंतजार में बैठे हुए थे। उन्होंने जैसे ही अभिषेक को देखा, तुरंत उसे घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। जिससे लहुलूहान होकर अभिषेक जमीन पर गिर पड़ा। हमले में वह इतनी बुरी तरह घायल हो चुका था कि मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना रात करीब 10:25 बजे न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां सड़क पर एक नाबालिग खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया है।
आपसी रंजिश के चलते हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। सूत्रों के मुताबिक, हमले में कई लड़के शामिल थे, जिन्होंने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। टीम ने मौके पर आसपास के क्षेत्र की भी जांच की है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
आज सुबह उस्मानपुर में एक और हत्या
न्यू उस्मानपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक और चाकूबाजी की घटना में हुई। जिसमें 26 वर्षीय ललित की हत्या कर दी गई। आज सुबह भगत सिंह कॉलोनी में पुलिस को उसका शव मिला। पुलिस के अनुसार, ललित की चाकू मारकर हत्या की गई है। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया है।
