शहर

Delhi News: प्रेम संबंध पर खूनी बवाल, बदरपुर में किशोर की चाकू मारकर हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के बदरपुर इलाके में प्रेम संबंध के विवाद में 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवती के भाई पर हत्या का आरोप है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

Image

बदरपुर में चाकूबाजी से किशोर की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Photo : Times Now Digital

Delhi Murder Case: दिल्ली के बदरपुर इलाके में रविवार रात प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवती के भाई ने उसे बातचीत करने के बहाने बुलाया था। इस दौरान दोनों के बीच विवाद होने के बाद किशोर को मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बातचीत के बहाने बुलाने का आरोप

यह घटना बदरपुर थाना क्षेत्र के मोलड़बंद इलाके की है। पुलिस के अनुसार, मोलड़बंद एक्सटेंशन निवासी किशोर का एक युवती से प्रेम संबंध था। युवती के भाई पर आरोप है कि उसने बातचीत के बहाने किशोर को मोलड़बंद स्थित 40 फुट रोड पर बुलाया। किशोर अपने तीन दोस्तों के साथ वहां पहुंचा, जहां दूसरे पक्ष के कुछ लोग पहले से ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि मौके पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो हिंसक झड़प में बदल गई।

विवाद बढ़ने पर चाकू से किया वार

आरोप है कि विवाद के दौरान किशोर पर धारदार हथियार से हमला किया गया। उसके सीने और पेट में कई बार वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

बदरपुर थाना पुलिस को रात करीब 8 बजे डीडी नंबर 94ए के माध्यम से चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने हत्या समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article