शहर

Delhi Metro: 8 मार्च को बड़ा तोहफा, पीएम मोदी करेंगे नई लाइनों का उद्घाटन 3 और कॉरिडोर का शिलान्यास

Delhi Metro News: राजधानी को देश की पहली 'रिंग मेट्रो' मिलेगाी वहीं नोएडा-फरीदाबाद से एयरपोर्ट तक सफर और आसान होगा।

Image

दिल्ली मेट्रो (फोटो: canva)

दिल्ली के मेट्रो नेटवर्क को और मजबूत बनाने के लिए 8 मार्च को बड़ा कदम उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) इस दिन दिल्ली मेट्रो की दो नई लाइनों का उद्घाटन करेंगे और 3 नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं पर करीब 18,300 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और तेज व सुविधाजनक बनेगी।

प्रधानमंत्री मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर (पिंक लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इन दोनों सेक्शन के शुरू होने से दिल्ली मेट्रो नेटवर्क को नई गति मिलेगी और राजधानी को देश की पहली पूरी तरह संचालित ‘रिंग मेट्रो’ भी मिल जाएगी। इससे शहर के अलग-अलग इलाकों के बीच यात्रा और आसान हो जाएगी।

दो नए कॉरिडोर से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर करीब 12.3 किलोमीटर लंबा है और इसमें कई एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। इसके शुरू होने से पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.5 किलोमीटर हो जाएगी। इस रूट पर बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार जैसे इलाकों को सीधी मेट्रो सुविधा मिलेगी।

वहीं दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक मैजेंटा लाइन का विस्तार करीब 9.92 किलोमीटर लंबा है। इस सेक्शन में मधुबन चौक, उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव और भलस्वा जैसे स्टेशन शामिल होंगे। इसके चालू होने से मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। इन कॉरिडोर का निर्माण तकनीकी रूप से भी खास है। दीपाली चौक-मजलिस पार्क सेक्शन का एक हिस्सा करीब 28 मीटर की ऊंचाई तक जाता है, जो मेट्रो के ऊंचे एलिवेटेड हिस्सों में गिना जाता है। वहीं मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर में यमुना नदी पर नया पुल और डबल-डेकर वायडक्ट बनाया गया है, जिसमें मेट्रो ट्रैक और सड़क फ्लाईओवर एक साथ बनाए गए हैं।

तीन नए कॉरिडोर की भी रखी जाएगी आधारशिला

PM दिल्ली मेट्रो के फेज-V के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन विस्तार और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन विस्तार शामिल हैं।

करीब 9.9 किलोमीटर लंबा सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पूरी तरह भूमिगत होगा और इसमें शिवाजी स्टेडियम, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को मेट्रो से जोड़ा जाएगा। इससे सरकारी दफ्तरों और केंद्रीय क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

एनसीआर के यात्रियों को भी होगा बड़ा फायदा

इन परियोजनाओं से दिल्ली ही नहीं बल्कि नोएडा, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के लोगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन के विस्तार से फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के यात्री मेट्रो के जरिए सीधे आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक पहुंच सकेंगे। वहीं नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन के माध्यम से कालिंदी कुंज आकर गोल्डन लाइन से एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली तक आसानी से सफर कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राजधानी में यातायात सुगम होगा, सड़कों पर ट्रैफिक कम होगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी, जिससे दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत बनेगी।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!