Delhi Metro Holi Timing: जल्द ही राजधानी दिल्ली समेत पूरे देश के लोग होली 2026 का पर्व मनाएंगे। रंगों के इस त्योहार का हर किसी को बेसब्री से इतंजार होता है। इसी बीच DMRC ने दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग को लेकर एक जरूरी सूचना जारी की है। DMRC ने एक ट्वीट के जरिए बताया कि, होली के दिन, यानी 4 मार्च 2026 (बुधवार) को दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों, जिनमें एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है, पर दोपहर 2:30 बजे तक मेट्रो सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इस दिन मेट्रो ट्रेनों का संचालन सभी टर्मिनल स्टेशनों से दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा और उसके बाद सामान्य समयानुसार चलता रहेगा।
होली के दिन इस टाइम पर मिलेगी मेट्रो (प्रतीकात्मक फोटो)
दिल्ली एयरपोर्ट 87 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द
वहीं, पश्चिम एशिया में चल रहे तनावपूर्ण हालात का असर सोमवार को दिल्ली के हवाई संचालन पर भी देखने को मिला, जहां कम से कम 87 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। क्षेत्र में जारी अस्थिरता के चलते लगातार तीसरे दिन विमान सेवाएं प्रभावित रहीं। इसी बीच विमानन कंपनी आकासा एयर ने अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद के लिए अपनी उड़ानों का निलंबन 3 मार्च तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। एक अधिकारी के मुताबिक, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर कुल 37 उड़ानों का प्रस्थान और 50 उड़ानों का आगमन रद्द किया गया।
पिछले दो दिनों में इतनी उड़ानें रद्द
पश्चिम एशिया में तेज होते संघर्ष और कई देशों के हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण भारतीय विमानन कंपनियों ने पिछले दो दिनों में लगभग 760 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी हैं। देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे, जिसे दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) संचालित करता है, से रोजाना 1,300 से अधिक उड़ानों का संचालन होता है। डायल ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की गई एक पोस्ट में बताया कि पश्चिम एशिया की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों के चलते पश्चिमी देशों की ओर जाने वाली कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी हो रही है या उनके समय में बदलाव किया गया है।
3 मार्च 2026 तक स्थगित यहां की उड़ानें
इसी बीच, आकासा एयर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक संदेश में जानकारी दी कि पश्चिम एशिया में बने हालात को देखते हुए अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद के लिए उसकी सभी उड़ानें 3 मार्च 2026 तक स्थगित कर दी गई हैं। आकासा एयर के अलावा अन्य कई विमानन कंपनियों ने भी सोमवार को अपनी कई अंतरराष्ट्रीय सेवाएं रद्द की हैं। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि उसकी टीम सुरक्षा से जुड़ी परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर उड़ान संचालन में उचित बदलाव किए जाएंगे।
वैकल्पिक रास्तों से उड़ानों का संचालन जारी
आकासा एयर ने बताया है कि जिन यात्रियों ने इन शहरों के लिए 7 मार्च तक की यात्रा बुक कर रखी है, वे चाहें तो अपनी टिकट का पूरा पैसा वापस लेने का विकल्प चुन सकते हैं या फिर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तिथि बदलवा सकते हैं। इसी प्रकार की सुविधाएं अन्य विमानन कंपनियां भी अपने यात्रियों को दे रही हैं। वहीं, एयर इंडिया ने रविवार को जानकारी दी कि वह पश्चिम एशिया में उपलब्ध हवाई मार्गों का उपयोग करते हुए वैकल्पिक रास्तों से उत्तरी अमेरिका और यूरोप के लिए अपनी उड़ानों का संचालन जारी रखेगी।
(इनपुट - भाषा)
