शहर

इस साल Delhi Metro के 6 कॉरिडोर पूरे होंगे, जानें नाम, दूरी और पूरी डिटेल

दिल्ली मेट्रो के छह नए कॉरिडोर इसी साल पूरे होने की तैयारी में हैं। इनसे कनेक्टिविटी बेहतर होगी, सड़कों से ट्रैफिक का दबाव कम होगा। इन परियोजनाओं से राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

Image

जल्द पूरे होंगे Delhi Metro के 6 कॉरिडोर

Delhi Metro: दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की तारीफ देशभर में होती है। दिल्ली के लगभग हर कोने तक DTC की बस सेवाएं उपलब्ध हैं और पूरे दिल्ली में हर तरफ फ्लाइओवर की भरमार है। इसके अलावा विश्वस्तरीय मेट्रो रेल नेटवर्क यहां की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाता है। इस सार्वजनिक परिवहन को और मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए इस साल दिल्ली मेट्रो के 6 अहम कॉरिडोर पूरे होने को तैयार हैं। इन कॉरिडोर का काम पूरा होने से राजधानी में न सिर्फ कनेक्टिविटी और बेहतर होगी, बल्कि ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल में मेट्रो और उससे जुड़े सड़क व फ्लाईओवर प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की है। उन्होंने कहा कि आधुनिक और प्रभावी परिवहन प्रणाली का निर्माण दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है। बैठक में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

अभी 416 किमी लंबा है दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क

अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो का मौजूदा नेटवर्क 416 किलोमीटर तक फैला है, जिसमें 303 स्टेशन और 12 लाइनें शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो का 104.45 किलोमीटर लंबा नेटवर्क अभी निर्माणाधीन है। फेज-4 के प्राथमिक कॉरिडोर पर तेजी से काम चल रहा है और जिसका निर्माण कार्य लगभग 79.57% तक पूरा हो चुका है।

इस साल जिन छह कॉरिडोर को पूरा करने का लक्ष्य है, उनकी लिस्ट नीचे दी गई है। बड़ी बात ये है कि ये सभी कॉरिडोर शहर के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे

  • कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक (6.6 किमी)
  • माजलिस पार्क से डेरावल नगर (3.5 किमी)
  • डेरावल नगर से आरके आश्रम (7.4 किमी)
  • तुगलकाबाद से संगम विहार (6.3 किमी)
  • संगम विहार से साकेत जी ब्लॉक (4.3 किमी)
  • साकेत जी ब्लॉक से एयरोसिटी (12.6 किमी)

इन तीन कॉरिडोर पर शुरू हो चुका है काम

इसके अलावा लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक, इंदरलोक से इंद्रप्रस्थ और रिठाला से कुंडली तक के तीन नए कॉरिडोर पर भी काम शुरू हो चुका है। इनका काम साल 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

फ्लाईओवर और सड़क परियोजनाएं भी

मेट्रो विस्तार के साथ-साथ ही राजधानी दिल्ली में कई फ्लाईओवर और सड़क परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है। आजादपुर से ट्रिपोलिया चौक तक डबल डेकर फ्लाईओवर और यमुना विहार से भजनपुरा तक फ्लाईओवर का काम जल्द पूरा हो सकता है।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्ली की परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी, जिससे लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article