दिल्ली में आज का मौसम (31 May 2026): दिल्ली-एनसीआर में मौसम का उलटफेर जारी है। शनिवार को मौसम ने अपने कई रूप दिखाए। सुबह ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बनाया तो वहीं धूप ने उमस और गर्मी को फिर बढ़ा दिया। शाम होते-होते बारिश का सिलसिला भी शुरू हो गया। जिससे मौसम फिर सुहावना हो गया। हालांकि आज सुबह फिर से राजधानी में धूप निकल आई है। लेकिन दोपहर बाद फिर से मौसम करवट बदल सकता है।
दिल्ली में 31 मई को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में आज येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। जिसकी रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। शाम के बाद रात के समय भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। सोमवार से फिर मौसम साफ हो जाएगा।
मई में हुई सामान्य से कम बारिश
मई में इस बार दिल्ली में मिलाजुला मौसम देखने को मिला। शुरुआती 15 दिनों में मौसम सामान्य से ठंडा रहा। लेकिन बाद के 15 दिनों में गर्मी के साथ लू का दौर भी देखने को मिला। इस दौरान अधिकांश दिनों में तापमान 40 डिग्री के ऊपर ही दर्ज हुआ। वहीं 9 दिन 43 डिग्री के पार तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं बारिश की बात करें तो इस बार मई में 18.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जो सामान्य से कम है। रविवार को दिल्ली में 10 से 20 मिनट तक कुछ इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान सफदरजंग में 0.9 मिमी, लोदी रोड में 3.5 मिमी, रिज में 0.4 मिमी, आया नगर में 0.2 मिमी और पालम में बूंदाबांदी दर्ज हुई।
