दिल्ली में आज का मौसम (28 May 2026): दिल्लीवासियों को आज से भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिलने वाली है। राजधानी में गुरुवार से बारिश की दस्तक होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। राजधानी में अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का मौसम बने रहने की संभावना है। जिसको लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है।
दिल्ली में आज से बारिश का अलर्ट
दिल्ली में 28 मई को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को दिल्ली में झुलसाने वाली गर्मी सताएगी। इस दौरान बादलों की आवाजाही भी देखने को मिलेगी। लेकिन शाम या रात तक मौसम पूरी तरह से बदल जाएगा। आसमान में बादल छा जाएंगे और धूल भरी आंधी के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। शुक्रवार को दिल्ली में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान सुबह से ही मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। साथ ही तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है। 29 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हो सकता है।
दिल्ली में 12वें दिन 40 डिग्री के पार तापमान
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को पूरे दिन भीषण गर्मी ने परेशान किया। इस दौरान गर्म हवाओं के चलते तपिश का अधिक एहसास हुआ। पिछले 24 घंटे में दिल्ली का अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज हुआ। राजधानी में लगातार 12वें दिन तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 56 और न्यूनतम आर्द्रता 14 फीसदी रही।
