दिल्ली में आज का मौसम (11 Jan 2026): दिल्ली की ठंड इस समय अपने चरम पर पहुंच गई है और इसने पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं। शनिवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी का अब तक का सबसे कम स्तर है। घने कोहरे और शीत लहर की वजह से दिल्ली और एनसीआर के लोग कड़ाके की ठंड महसूस कर रहे हैं। तेज हवाओं ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा सहित पूरे उत्तर भारत में जबरदस्त शीतलहर का असर बना रहेगा। शनिवार को दिल्ली में जनवरी महीने की सबसे ठंडी सुबह देखने को मिली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शुक्रवार को हुई असामान्य बारिश के बाद तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई, जिससे राजधानी और आसपास के इलाकों में ठंड और बढ़ गई। आईएमडी के मुताबिक, रात के दौरान पारा और लुढ़ककर 4.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो शुक्रवार की तुलना में थोड़ा कम रहा।
दिल्ली में आज का मौसम
आज दिल्ली में मौसम ज्यादातर साफ रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में शीतलहर का असर महसूस किया जा सकता है। सुबह के समय कई जगह हल्का कोहरा रहेगा, जबकि कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा भी छा सकता है। राजधानी में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा, वहीं अधिकतम तापमान भी औसत से कम दर्ज हो सकता है। सुबह के समय सतही हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेंगी, जिनकी रफ्तार 12 किमी प्रति घंटे से कम रहेगी। दोपहर में हवा की गति बढ़कर उत्तर-पश्चिम दिशा से करीब 16 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शाम और रात के दौरान हवाएं कमजोर होकर पश्चिम दिशा से 10 किमी प्रति घंटे से कम की रफ्तार से चलेंगी।
दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा?
कल भी दिल्ली में आसमान अधिकतर साफ रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है। सुबह के वक्त सतही हवाएं पश्चिम दिशा से चलेंगी और इनकी गति 10 किमी प्रति घंटे से कम रहेगी। दोपहर में हवा की रफ्तार बढ़कर उत्तर-पश्चिम दिशा से लगभग 14 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। शाम और रात में हवाएं धीमी होकर पश्चिम दिशा से 6 किमी प्रति घंटे से कम की गति से चलेंगी।
दिल्ली में IMD का लेटेस्ट अपडेट
मौसम विभाग की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में सुबह के वक्त, खासकर आज 11 और कल यानी 12 जनवरी को, घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। इसी अवधि में ठंड का असर और तेज होने के चलते शीत लहर को लेकर चेतावनी भी जारी की गई है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है।
कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित
तेज हवाओं के साथ चल रही शीत लहर का असर सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भी कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राजस्थान में घने से बेहद घने कोहरे के छाए रहने की आशंका जताई गई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी तापमान काफी नीचे चला गया है और कुछ जगहों पर पाला पड़ने की खबर है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और बारिश हो सकती है, जबकि निचले पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। इससे आसपास के मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है। उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों में खराब मौसम की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
