दिल्ली में आज का मौसम (06 March 2026): दिल्ली-एनसीआर में मार्च में ही गर्मी के तेवर दिखने लगे हैं। दिन में सूरज की तपिश भी बढ़ती जा रही है। जिससे धूप का कहर अभी से लोगों को झेलना पड़ रहा है। तेज धूप और हवाओं के कारण मौसम और ज्यादा शुष्क व गर्म हो गया है। दिन में पसीना छुड़ाने वाली गर्मी पड़ रही है। धूप भी तीखी महसूस हो रही है। दिन में पंखे और एयर कंडिशनर भी चलने लगा है। गर्म कपड़े अब लोगों ने पैक करके रख दिए हैं और कूलर साफ करने लगे हैं। राजधानी में जिस तेजी से गर्मी पैर पसार रही है, उससे लग रहा है कि इस बार रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ने की संभावना है।
आज दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। सुबह से ही धूप खिली रहेगी, जो दिन चढ़ने के साथ ही तीखी हो जाएगी। दिन में धूप की तपिश के कारण अच्छी-खासी गर्मी महसूस होगी। पिछले कई दिनों से दिल्ली में तेज हवाएं चल रही थीं, लेकिन अब हवा की रफ्तार में कमी आएगी। करीब 5 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आज हवा चल सकती है। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली के मौसम में फिलहाल अगले एक सप्ताह तक कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। आईएमडी के अनुसार, 8 मार्च तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ ही बने रहने का पूर्वानुमान है। जिसके बाद 11 मार्च तक आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। अगले 5 दिनों तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो सकता है।
दिल्ली में 34 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
दिल्ली में गुरुवार को मौसम साफ रहा। दिन में तेज धूप भी निकली रही। साथ ही तेज हवाएं भी चलती रहीं। जिससे गर्मी का प्रभाव कुछ कम रहा। हालांकि दिन में पसीना छुड़ाने वाली गर्मी बनी रही। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने वाला है। जिसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। हालांकि दिल्ली के मौसम पर इसका कुछ खास प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा।
