दिल्ली में आज का मौसम (06 Feb 2026): दिल्ली-एनसीआर में मौसम करवट बदलता हुआ नजर आ रहा है। फरवरी के पहले सप्ताह में ही ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। दिन में तेज धूप निकल रही है। जिससे गर्मी का एहसास होना शुरू हो गया है। साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। हालांकि सुबह-शाम अभी भी सर्दी महसूस हो रही है। पहाड़ों पर नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली में अगले कुछ दिन बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। हालांकि बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं जताई गई है। दिल्ली में आज कैसा मौसम रहेगा, आइए जानते हैं:
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। दिन में धूप निकलने की भी संभावना है। इस दौरान 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में अगले 4 दिन मौसम का हाल
दिल्ली में अगले चार दिन आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा भी छाए रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में दिल्ली में दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। दिल्ली में 7 से 10 फरवरी के दौरान अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
दिल्ली में गुरुवार को सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के साथ ही मौसम साफ हो गया। दोपहर में तेज धूप भी खिली रही। जिससे दिन में गर्मी भी महसूस हुई। हालांकि सुबह-शाम सर्द हवाओं के कारण ठंड का एहसास बना रहा। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान पालम में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
