दिल्ली में आज का मौसम (02 March 2026): दिल्ली-एनसीआर में होली से पहले ही गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। मार्च की शुरुआत के साथ ही सूरज की तपिश भी बढ़ गई है। दिन में चिलचिलाती धूप ने परेशानी बढ़ा दी है। सुबह-शाम में मौसम की ठंडक भी अब कम होती जा रही है। गर्मी की शुरुआत के साथ ही लोगों ने स्वेटर-कंबल पैक करके रख दिए हैं। रात में पंखे भी चलने लगे हैं। धूप की तपिश बढ़ने के साथ ही तापमान में भी लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। दिन का तापमान जल्द ही 34 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। जिससे अप्रैल-मई जैसी गर्मी का एहसास अभी से होने लगेगा।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है। आज भी आसमान साफ ही बना रहेगा। इस दौरान 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी दिन में चलने की संभावना है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
7 मार्च तक दिल्ली में मौसम का हाल
IMD के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 7 मार्च तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। वहीं 5 मार्च तक 20 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि शाम या रात के समय हवा की रफ्तार में थोड़ी कमी रहेगी। इस दौरान 10 से 15 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं। 6 और 7 मार्च को हवा की रफ्तार कम होकर 5 से 10 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
दिल्ली में तापमान में इजाफा जारी
मौसम विभाग ने 2 मार्च के बाद तापमान में थोड़ी और बढ़ोत्तरी का अनुमान जताया है। 3 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं 4 से 7 मार्च के दौरान पारा 33 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। 7 मार्च तक दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल कोई पश्चिम विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना नहीं है। जिसके कारण आने वाले दिनों में बारिश का कोई अनुमान नहीं है। ऐसे में मौसम लगातार साफ ही रहेगा। जिससे दिन में धूप की तल्खी भी बढ़ेगी और तापमान में भी इजाफा देखने को मिल सकता है। ऐसे में मार्च में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने का अनुमान जताया जा रहा है।
