शहर

Delhi Hotel Fire: मालवीय नगर अग्निकांड में बड़ा खुलासा, होटल मालिक ने झाड़ा पल्ला; जांच में खुल रहे राज

दिल्ली के मालवीय नगर में होटल अग्निकांड में गिरफ्तार सह-मालिक लवकेश बजाज से पुलिस ने पूछताछ की। जिसमें उसने दावा किया कि होटल का संचालन कोई और संभालता था। उसने फायर एनओसी न होने की बात भी स्वीकार की। हादसे में 21 लोगों की मौत हुई है।

Image

मालवीय नगर अग्निकांड में होटल मालिक गिरफ्तार

Photo : ANI

Delhi Hotel Fire: दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण अग्निकांड में पुलिस ने बुधवार को होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ लगातार जारी है। इस दौरान आरोपी ने दावा किया है कि होटल का संचालन कोई और व्यक्ति संभाल रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया है कि बिल्डिंग में आग से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं थे। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 12 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। कई घायल लोग अभी भी अस्पतालों में भर्ती हैं।

होटल मालिक के दावों की जांच में जुटी दिल्ली पुलिस

मालवीय नगर में बुधवार को होटल फ्लोरिश स्टेज में भीषण आग लगी थी। जिसके सह-मालिक लवकेश बजाज को हिरासत में लेने के बाद आज अदालत में पेश किया जा सकता है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में लवकेश बजाज ने दावा किया है कि होटल का रोजाना संचालन वह खुद नहीं देखता था। उसने होटल की बिलिंग, अकाउंट्स और प्रबंधन से जुड़े अन्य कामों की जिम्मेदारी किसी अन्य व्यक्ति को सौंपी हुई थी। बजाज ने यह भी बताया कि होटल में किए गए कुछ बदलाव, जैसे कमरों का आकार बढ़ाना और अन्य निर्माण कार्य से जुड़े कामों को भी दूसरे व्यक्ति की सलाह पर किया गया था।

होटल में सुरक्षा नियमों की बड़ी लापरवाही

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में लवकेश बजाज ने स्वीकार किया कि होटल के पास फायर NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) नहीं था। अब दिल्ली पुलिस बिजली विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि यह पता चल जा सके कि होटल में किए गए निर्माण और संचालन के लिए जरूरी मंजूरी ली गई थी या नहीं। पुलिस होटल से जुड़े अन्य लोगों और संपत्तियों की भी जांच कर रही है। संभावना है कि गुरुवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जा सकता है, जहां पुलिस आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग कर सकती है।

गौरतलब है कि दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित इस होटल में बुधवार को भीषण आग लगी। इस हादसे में घायल हुए 49 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया था। जिनमें से 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कुछ घायल लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। शुरुआती जांच में दिल्ली फायर सर्विस ने आशंका जताई है कि आग सबसे पहले बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर की सीढ़ियों के पास रखे सामान से लगी थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इमारत की खिड़कियां बंद थीं, जिससे लोगों के बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल सका। घटनास्थल से एलपीजी सिलेंडर भी बरामद हुए हैं। जिनके फटने की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल फोरेंसिक टीम और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article