शहर

Delhi Hotel Fire: हादसा होते ही मौके से फरार हो गया था लवकेश बजाज, घंटों सड़कों पर घूमता रहा, किए कई खुलासे

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, होटल मालिक आरोपी लवकेश बजाज हादसा होते ही मौके से फरार हो गया था। वह डर की वजह से मौके से भाग गया था। वह अपने घर भी नही गया ...

Image

लवकेश बजाज गिरफ्तार (Photo: PTI/ANI)

Delhi Hotel Fire: दिल्ली के मालवीय नगर में होटल में हुए भीषण अग्निकांड में पुलिस ने बुधवार को होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ लगातार जारी है। इस दौरान उसने दावा किया कि होटल का संचालन कोई और व्यक्ति संभाल रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया है कि बिल्डिंग में आग से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं थे। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 12 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। कई घायल लोग अभी भी अस्पतालों में भर्ती हैं। पूछताछ में बजाज ने कई खुलासे किए हैं।

हादसा होते ही मौके से फरार हो गया था बजाज

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, होटल मालिक आरोपी लवकेश बजाज हादसा होते ही मौके से फरार हो गया था। वह डर की वजह से मौके से भाग गया था। वह अपने घर भी नही गया और सड़कों पर घूमता रहा। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने तीन साल पहले अहुलवालिया नाम की एक पार्टी से ये बिल्डिंग ली थी और उसमें होटल कम गेस्ट हाउस चला रहा था। पहले यहां खादी की शॉप भी थी।

जब बजाज ने ये बिल्डिंग ली थी उस वक्त ये काफी जर्जर हालात में थी। पूछताछ में वो दावा कर रहा है कि उसने BNB, यानी बेड एंड ब्रेकफास्ट, टूरिस्ट, हेल्थ रेस्टोरेंट की परमिशन ली थी। लेकिन दिल्ली पुलिस उसके इस दावों की जांच करवा रही है। आज करीब 2 बजे के आसपास उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस 3 से 4 दिन की रिमांड मांगेगी।

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में लवकेश बजाज ने स्वीकार किया कि होटल के पास फायर NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) नहीं था। अब दिल्ली पुलिस बिजली विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि यह पता चल जा सके कि होटल में किए गए निर्माण और संचालन के लिए जरूरी मंजूरी ली गई थी या नहीं। पुलिस होटल से जुड़े अन्य लोगों और संपत्तियों की भी जांच कर रही है। संभावना है कि गुरुवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जा सकता है, जहां पुलिस आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग कर सकती है।

हादसे में 21 की मौत, 12 विदेशी

बुधवार को दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके की एक तंग गली में बिना फायर एनओसी के चल रहे एक होटल में भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 12 विदेशी नागरिक भी शामिल थे जिनके रिश्तेदारों का पास के अस्पतालों में इलाज चल रहा था। अधिकारियों ने बताया कि मालवीय नगर के हौज रानी स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी में आग सुबह करीब 8:30 बजे लगी और पांच मंजिला संकरी इमारत में तेजी से फैल गई। इमारत में केवल एक ही प्रवेश-निकास द्वार था, खिड़कियां स्थायी रूप से सील थीं और मुख्य दरवाजा सेंसर से संचालित होता था। इन सभी कारकों ने मिलकर इमारत को एक तरह से मौत का जाल बना दिया था।

जैसे ही आग तेजी से फैली, सभी लोग अचानक आग की चपेट में आ गए और कुछ लोग सो रहे थे। बचावकर्मी, जिनमें कई स्थानीय लोग भी शामिल थे, अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए दौड़ पड़े। अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 58 लोगों को बचाया गया और अस्पतालों में भर्ती कराया गया जहां 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में नौ भारतीय शामिल हैं, जिनमें से आठ एक ही परिवार के सदस्य थे।

मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है

अधिकारियों ने बताया कि हाल के वर्षों में शहर में हुई भीषण आगजनी में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायल गंभीर हालत में हैं। मृतकों में से अधिकांश मध्य एशियाई और अफ्रीकी देशों के हैं। वे कुछ ही मिनटों की दूरी पर स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती अपने परिजनों की देखभाल के लिए होटल में ठहरे हुए थे। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पहले बजाज और उनकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया था और उन्हें ढूंढने के लिए अभियान चलाया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह त्रासदी शायद होनी ही थी। होटल को दिल्ली सरकार की बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति के तहत केवल छह कमरों की अनुमति थी, लेकिन वह 25 कमरे चला रहा था। तहखाने में भी कमरे बनाए गए थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Mohit Om
मोहित ओम author

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैन... और देखें

End of Article