Delhi Crime: दिल्ली के गुलाबी बाग इलाके में रहने वाले सोनू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। रूप नगर थाना और स्पेशल स्टाफ की जॉइंट टीम ने पंजाब से सुपारी किलर को गिरफ्तार किया है, जिसने सोनू की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। बता दें की सोनू की हत्या 2 और 3 फरवरी की रात को उनके ही घर में कर दी गई थी। हत्या के बाद शव को शक्ति नगर स्थित एफसीआई गोदाम के पास नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने जब शव बरामद किया तो उसकी पहचान करना मुश्किल था, लेकिन मृतक के फिंगरप्रिंट्स अपराधियों के रिकॉर्ड में मौजूद थे, जिससे उसकी पहचान हो गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
हत्या को अंजाम देने पंजाब से आए सुपारी किलर
पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन डाटा खंगाला गया। इससे पता चला कि हत्या से पहले कुछ लोग पंजाब से दिल्ली आए थे और मृतक के घर के आसपास उनकी मौजूदगी दर्ज हुई थी। साथ ही पुलिस ने यह भी बताया कि जिन मोबाइल नंबरों की लोकेशन दिल्ली में मिली, वे बाद में पंजाब लौट गए थे। पुलिस ने आगे बताया कि मामले की जांच करते हुए होटल रिकॉर्ड भी खंगाले, जहां पता चला कि संदिग्धों ने पुरानी दिल्ली के एक होटल में ठहरकर वारदात को अंजाम दिया था।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
प्राप्त सबूतों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने पंजाब के मुक्तसर साहिब में छापा मारा और मुख्य आरोपी बग्गा सिंह (19) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ। हालांकि, उसका साथी गुरप्रीत अब भी फरार है। पुलिस उसे पकड़ने के कोशिश में जुटी हुई है। इस दौरान पुलिस से सामने एक हैरान कर देना वाला सच आया।
पत्नी ने दी पति की हत्या की सुपारी
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि मृतक की पत्नी सरिता ने ही उसे अपने पति को मारने की सुपारी दी थी। सरिता का दूसरा पति था और वह उसकी संपत्ति पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहा था, जिससे परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद मृतक की पत्नी सरिता ने पुलिस को गुमराह करने के लिए यह बयान दिया कि दो अनजान लोग उसके पति को बाइक पर ले गए थे, जिसके बाद वह लापता हो गया। इस बयान के आधार पर गुलाबी बाग थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। लेकिन पुलिस को शुरू से ही पत्नी के बयान पर शक था। अब आरोपी के गिरफ्तार होने पर पत्नी द्वारा सुपारी देने का सच सामने आया है।
