शहर

दिल्ली में 5.5 लाख विधवा और दिव्यांग पेंशनधारकों के परिवार को मिली 'आयुष्मान' की गारंटी

Delhi में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में बड़ा निर्णय लिया गया है। विधवा और दिव्यांग पेंशनधारकों को भी अब प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के दायरे में शामिल करने का फैसला किया गया है। इससे करीब 5.5 लाख अतिरिक्त परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी और कोई भी जरूरतमंद इलाज से वंचित नहीं रहेगा।

Image

दिल्ली के 5.5 लाख लोगों को मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली में स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने विधवा पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाओं और दिव्यांग पेंशनधारकों को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के दायरे में शामिल करने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद न सिर्फ लाभार्थी, बल्कि उनके परिवार भी योजना का लाभ उठा सकेंगे।

मंगलवार 24 फरवरी को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि विधवा पेंशन की लगभग 3 लाख, 96 हजार, 615 महिलाओं और दिव्यांग पेंशन के करीब 1 लाख, 31 हजार, 515 लाभार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यही नहीं, उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि दिल्ली का कोई भी गरीब, कमजोर या जरूरतमंद नागरिक इलाज से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इस निर्णय से लगभग 5.5 लाख अतिरिक्त परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत छतरी के नीचे आ जाएंगे। उन्होंने बताया कि ये परिवार पहले से योजना का लाभ ले रहे अंत्योदय अन्न योजना (AAY) और प्राथमिकता (PRS) श्रेणी के परिवारों, 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के अतिरिक्त होंगे। इससे दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा अभूतपूर्व रूप से बढ़ जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मदोी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के विजन को साकार करने की दिशा में उठाया है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत के तहत अब तक दिल्ली में 7 लाख, 23 हजार, 707 आयुष्मान कार्ड जारी हो चुके हैं, जिनमें 2 लाख, 74 हजार, 620 कार्ड वरिष्ठ नागरिकों को दिए गए हैं।

दिल्ली में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 208 अस्पतालों का नेटवर्क लिस्टेड किया गया है, जिनमें 156 निजी और 53 सरकारी अस्पताल शामिल हैं। राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के जरिए अब तक 29120 से ज्यादा लाभार्थी योजना के तहत इलाज करवा चुके हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह सिर्फ एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद परिवार के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा संकल्प है। सरकार एक स्वस्थ, समावेशी और संवेदनशील दिल्ली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जहां विकास का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी इस कवरेज से पीछे न छूटे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article