शहर

Delhi News: मिलीभगत करने वाले अधिकारियों पर FIR,वेतन-पेंशन रोकने तक की कार्रवाई;दिल्ली में अवैध निर्माण और फायर नियमों पर सख्त हुई रेखा सरकार

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट कहा है कि अब आग लगने की घटनाओं, अवैध निर्माण, फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन और लोगों की जान को खतरे में डालने वाले मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Image

रेखा गुप्ता सरकार सख्त।

Delhi News: दिल्ली सरकार ने अवैध निर्माण,फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन और प्रशासनिक लापरवाही पर अब सख्त रुख अपना लिया है। दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद (Ashish Sood) ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में अब ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति लागू होगी और दोषी अधिकारियों व संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गृह मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता( cm rekha gupta) की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में राजधानी में कानून का राज मजबूत करने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और जवाबदेही तय करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए हैं। सरकार ने जिला मजिस्ट्रेट (DM) की शक्तियों को बढ़ाते हुए उन्हें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के खिलाफ सीधे अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने, एफआईआर दर्ज कराने, अवकाश स्वीकृत या निरस्त करने और कर्तव्यों में विफल अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई का अधिकार दिया है।

सरकार ने यह भी साफ किया है कि यदि किसी अधिकारी की मिलीभगत, लापरवाही या भ्रष्टाचार के कारण जनहानि या संपत्ति का नुकसान होता है, तो उसे व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराया जाएगा। ऐसे मामलों में केवल निलंबन ही नहीं, बल्कि वेतन, पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभ रोकने के साथ-साथ उसकी निजी संपत्ति से भी नुकसान की भरपाई की जा सकती है।

दिल्ली में अब जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में संयुक्त जांच समितियां गठित की गई हैं, जिनमें पुलिस, फायर सर्विस, बिजली विभाग और एमसीडी के अधिकारी शामिल होंगे। ये टीमें गेस्ट हाउस, होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच करेंगी। नियमों के उल्लंघन या बिना अनुमति संचालन मिलने पर प्रतिष्ठान को तत्काल सील किया जाएगा।

सरकार ने G+4 की स्वीकृत सीमा से अधिक निर्माण कार्यों की भी समीक्षा के आदेश दिए हैं। जहां भी अवैध निर्माण या स्वीकृत नक्शे का उल्लंघन मिलेगा, वहां तत्काल सीलिंग और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। अवैध निर्माण, भ्रष्टाचार, मिलीभगत और नियमों के उल्लंघन के प्रति सरकार की ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति रहेगी और किसी भी रसूखदार व्यक्ति या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article