शहर

दिल्ली में प्रवासी मजदूरों को अब आसानी से मिलेगा LPG सिलेंडर, इन इलाकों में लगेगा खास कैंप

दिल्ली सरकार विशेष कैंप लगाकर प्रवासी मजदूरों को 5 किलो एलपीजी सिलेंडर देगी। उन्हें यहां आधार कार्ड के जरिए आसानी से सिलेंडर मिल सकेगा। साथ ही डिलीवरी आवंटन दोगुना कर दिया गया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : PTI

Delhi LPG Camp: दिल्ली सरकार ने प्रवासी मजदूरों की सुविधा के लिए एक अहम पहल शुरू की है। जिसके तहत स्पेशल कैंप लगाकर उन्हें आसानी से एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। हाल के दिनों में एलपीजी की किल्लत की खबरों के बीच प्रवासी मजदूरों को भी सिलेंडर लेने में परेशानी हो रही है। ऐसे में सरकार का यह कदम मजदूरों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है। जिला प्रशासन को अधिक मजदूरों वाले इलाकों में कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

5 किलो सिलेंडर का डिलीवरी आवंटन दोगुना

सरकार के इस फैसले के तहत 5 किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडरों की उपलब्धता में 100 फीसदी तक बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां रोजाना 684 सिलेंडर उपलब्ध होते थे, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़ाकर 1,368 कर दिया गया है। इससे बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों को लाभ मिलेगा।

सिलेंडर लेने के लिए आधार कार्ड जरूरी

प्रवासी मजदूरों के लिए लगाए जा रहे विशेष कैंपों का संचालन ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) के अधिकृत एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स के जरिए किया जाएगा। मजदूरों को इन कैंपों में से सिलेंडर लेने के लिए आधार कार्ड की जरूरत होगी। जिसके बाद तय शुल् को जमा करने के बाद उन्हें 5 किलो का गैस सिलेंडर मिल जाएगा। इस दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी, ताकि कोई गड़बड़ी न हो।

दिल्ली में सिलेंडर के लिए कहां लगेंगे कैंप

दिल्ली सरकार ने सभी जिला मजिस्ट्रेटों (DM) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खासतौर पर प्रवासी मजदूरों की अधिक आबादी वाले इलाके में इन कैंपों का आयोजन सुनिश्चित करें। मजदूरों को किसी तरह की समस्या होने पर वे अपने जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं और अपने इलाके में कैंप लगाने की मांग भी कर सकते हैं।

दिल्ली में बहुत से प्रवासी मजदूरों को गैस सिलेंडर की कमी के कारण अक्सर परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार उन्हें महंगे या अवैध ईंधन का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में यह नई व्यवस्था उनकी इस समस्या को दूर करने में काफी मददगार साबित होगी। सरकार का मकसद हर जरूरतमंद मजदूर तक सस्ता और सुरक्षित ईंधन पहुंचाना है। इन कैंपों के जरिए लोगों को जागरूक भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article