Delhi News: होली से पहले दिल्ली सरकार ने महिलाओं और बेटियों को बड़ा तोहफा दिया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने दिल्ली सरकार की ओर से चार महिला-केंद्रित योजनाओं की शुरुआत की है। जिसके तहत सहेली स्मार्ट पिंक कार्ड से फ्री यात्रा, डीबीटी के जरिए सिलेंडर सहायता, बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए लखपति बिटिया योजना और ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ से बकाया राशि का वितरण शामिल है। 'सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली' कार्यक्रम में परिवहन, आर्थिक सहायता और रसोई राहत से जुड़ी इन महत्वपूर्ण पहलों का मकसद महिलाओं व बेटियों को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
दिल्ली में सहेली स्मार्ट पिंक कार्ड की शुरुआत
दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षित और सुलभ आवागमन सुविधा के उद्देश्य से ‘सहेली स्मार्ट पिंक कार्ड’ योजना का शुभारंभ किया गया। इसके तहत महिलाओं को दिल्ली परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह कार्ड 'वन नेशन, वन कार्ड' विजन के अनुरूप एक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के रूप में काम करेगा।
सिलेंडर राशि का डीबीटी
दिल्ली की महिलाओं के लिए दूसरी बड़ी पहल एलपीजी और पीएनजी उपभोक्ताओं को सिलेंडर राशि के डीबीटी के रूप में सामने आई। होली और दीपावली पर सिलेंडर की राशि सीधे आधार-लिंक बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की जाएगी। सामान्य उपभोक्ताओं को 853 रुपये आर्थिक सहायता मिलेगी। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को 553 रुपये दिए जाएंगे। इस योजना के तहत लगभग 130 करोड़ रुपये की राशि सीधे महिलाओं के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की जाएगी।
क्या है लखपति बिटिया योजना
दिल्ली सरकार की ‘लखपति बिटिया योजना’ बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में बहुत महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के तहत बेटियों को जन्म से लेकर स्नातक तक चरणबद्ध आर्थिक सहायता दी जाएगी। विभिन्न चरणों में सरकार द्वारा 61,000 रुपये की राशि जमा की जाएगी। स्नातक पूरा होने तक यह राशि ब्याज सहित लगभग 1.25 लाख रुपये हो जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल, फेसलेस और ऑनलाइन होगी। इस योजना में अनाथ और चाइल्ड केयर संस्थानों में रह रही बच्चियां भी शामिल होंगी।
मेरी पूंजी मेरा अधिकार से मिलेगी बकाया राशि
‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ योजना के तहत लाडली योजना की बकाया राशि वितरित की जाएगी। इसके लिए करीब 1.75 लाख लाभार्थियों की पहचान की गई है, जिनमें पहले चरण में 30,000 बालिकाओं को 90 करोड़ दिए जाएंगे। वहीं दूसरे चरण में 40,000 बालिकाओं को 100 करोड़ रुपये मिलेंगे। यह राशि डीबीटी के जरिए दी जाएगी।
इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण राष्ट्रीय संकल्प बन चुका है। विकसित भारत की नींव महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व पर आधारित है। दिल्ली सरकार हर बेटी और हर बहन को उसका अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
