शहर

दिल्ली में पर्यटन को नई उड़ान, ‘देखो मेरी दिल्ली’ इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा शुरू

दिल्ली में पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘देखो मेरी दिल्ली’ नामक अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल को हरी झंडी दिखाकर राजधानी को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम बताया। यह सेवा पर्यटकों को एक ही यात्रा में दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक विकास का समग्र अनुभव प्रदान करेगी।

Image

दिल्ली सरकार ने ‘देखो मेरी दिल्ली’ इलेक्ट्रिक डबल-डेकर बस शुरू की

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi Electric Double Decker Bus: शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रफी मार्ग से दिल्ली पर्यटन की नई और अत्याधुनिक डबल डेकर इलेक्ट्रिक टूरिस्ट बस सेवा ‘देखो मेरी दिल्ली’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही राजधानी के पर्यटन क्षेत्र में एक नई पहल की औपचारिक शुरुआत हुई। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बस सेवा का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने इस योजना को सरकार की दूरदर्शी सोच और सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी मॉडल) के प्रभावी क्रियान्वयन का शानदार उदाहरण बताया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री, मीडिया के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी डबल डेकर बस में सवार होकर रफी मार्ग से इंडिया गेट, अकबर रोड और तीन मूर्ति मार्ग होते हुए प्रधानमंत्री संग्रहालय तक गए और यात्रा का अनुभव लिया।

वैश्विक स्तर पर नई पहचान

इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि, यह पहल दिल्ली को आधुनिक और विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। दिल्ली अपनी ऐतिहासिक धरोहर के साथ-साथ भारत मंडपम, यशोभूमि, नया संसद भवन, सेंट्रल विस्टा और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे आधुनिक प्रतिष्ठानों के कारण वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रही है। यह बस सेवा पर्यटकों को एक ही यात्रा में दिल्ली की विरासत और आधुनिकता का समग्र अनुभव प्रदान करेगी।

विकास भी, विरासत भी का विजन

मुख्यमंत्री के अनुसार माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ विजन से प्रेरित होकर हमारी सरकार दिल्ली में आधुनिक विकास को गति देने के साथ-साथ अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए समान प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हमारा लक्ष्य है कि प्रगति और परंपरा, दोनों साथ-साथ आगे बढ़ें। उन्होंने आगे कहा कि शून्य-उत्सर्जन आधारित यह डबल डेकर ई-बस प्रधानमंत्री मोदी के इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए सतत विकास, हरित परिवहन और स्वच्छ पर्यटन को प्रोत्साहित कर रही है।

आरामदायक और यादगार यात्रा का अनुभव

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था और पैनोरमिक अपर डेक से सुसज्जित यह 63-सीटर बस पर्यटकों को आरामदायक और यादगार यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी। साथ ही, यह कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस नई सेवा के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को एक ही यात्रा में दिल्ली की विरासत और आधुनिकता का अद्वितीय अनुभव प्राप्त होगा। इससे राजधानी की स्वच्छ, हरित और गतिशील वैश्विक छवि और अधिक सुदृढ़ होगी।

‘ट्रांजिट सिटी’ से ‘डेस्टिनेशन सिटी’

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस का शुभारंभ केवल वाहन की शुरुआत नहीं, बल्कि दिल्ली को ग्लोबल टूरिज्म मैप पर मजबूती से स्थापित करने की ओर एक कदम है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में पर्यटन के क्षेत्र में विजन और सुविधाओं की कमी व पर्यावरण की अनदेखी, दिल्ली को ट्रांजिट सिटी तक सीमित कर रही थी। लेकिन अब मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली अब ‘ट्रांजिट सिटी’ से ‘डेस्टिनेशन सिटी’ बन रही है।

दिल्ली में 1,200 से अधिक स्मारक मौजूद

पर्यटन मंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में है जहां 1,200 से अधिक स्मारक मौजूद हैं। यहां प्राचीन सभ्यता से लेकर ब्रिटिश कालीन विरासत और आधुनिक विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे तक का अद्वितीय अनुभव एक साथ मिलता है। इसी दृष्टि के साथ दिल्ली में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे वैश्विक आयोजनों की योजना भी बनाई जा रही है, जिससे टूरिज्म, कॉन्सर्ट इकोनॉमी, लाइव एंटरटेनमेंट और क्रिएटर इकोनॉमी को नई गति मिलेगी। आने वाले समय में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए परिवहन को भी आधुनिक और इलेक्ट्रिक बनाया जाएगा।

खास है ‘देखो मेरी दिल्ली’ डबल डेकर बस

दिल्ली पर्यटन विभाग ने हिंदुजा कंपनी के सहयोग से एक नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की है, जो पूरी तरह आधुनिक विद्युत तकनीक पर संचालित होती है। इस विशेष पर्यटन सर्किट की शुरुआत दिल्ली हाट, आईएनए से की गई है। यहां से बस प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे अपनी यात्रा प्रारंभ करेगी। निर्धारित मार्ग के अनुसार यह बस विजय चौक, राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक, नेशनल म्यूजियम, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, प्रधानमंत्री संग्रहालय, नेशनल वॉर मेमोरियल तथा इंडिया गेट जैसे महत्वपूर्ण स्थलों से होकर गुजरेगी और अंत में पुनः दिल्ली हाट, आईएनए पर लौटकर यात्रा समाप्त करेगी। यह पर्यटन सर्किट यात्रियों को राजधानी दिल्ली के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व के स्थलों का सुव्यवस्थित, सुविधाजनक और सुखद अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

कहां से मिलेगी डबल डेकर की टिकट?

इस बस सेवा का टिकट शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है, जिस पर 5 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त रूप से लागू होगा। 5 से 10 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए किराया 300 रुपये तय किया गया है, जिस पर 5 प्रतिशत जीएसटी अलग से जोड़ा जाएगा। वहीं, 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को इस बस में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इस बस की टिकट बुकिंग दिल्ली पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट www.delhitourism.gov.in के जरिए ऑनलाइन की जा सकती है। इसके अलावा, ऑफलाइन टिकट इन दिल्ली पर्यटन सूचना केंद्रों से प्राप्त किए जा सकते हैं जैसे, सेंट्रल रिजर्वेशन ऑफिस, कॉफी होम, बाबा खड़क सिंह मार्ग, हनुमान मंदिर के सामने (कनॉट प्लेस), आई-सेंटर (दिल्ली पर्यटन), बाबा खड़क सिंह मार्ग (कनॉट प्लेस), इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय घरेलू हवाई अड्डा, (टर्मिनल-1), ट्रांसपोर्ट ऑफिस, वेस्ट किदवई नगर, श्री अरबिंदो मार्ग, (आईएनए मार्केट के सामने), दिल्ली हाट (आईएनए) के पास स्थित ट्रैवल डिवीजन, दिल्ली हाट (आईएनए)।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article