शहर

बदल गए दिल्ली के इन मेट्रो स्टेशनों के नाम, कई स्थलों को मिली नई पहचान; रेखा सरकार ने लिया अहम फैसला

दिल्ली सरकार ने राजधानी के मेट्रो स्टेशनों, चौकों और सार्वजनिक स्थलों के नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। यह फैसला राज्य नामकरण प्राधिकरण की बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में लिया गया।

Image

दिल्ली के इन मेट्रो स्टेशनों के नाम बदले

Photo : iStock

Delhi Metro Station Renaming: दिल्ली में एक बार फिर मेट्रो स्टेशनों के नाम बदले हैं। बता दें कि रेखा सरकार ने 'रोहिणी पश्चिम' मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर 'डॉ. बाबा साहब आंबेडकर अस्पताल मेट्रो स्टेशन’ और 'द्वारका’ मेट्रो स्टेशन का नाम द्वारका-काकरोला मेट्रो स्टेशन' करने को मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने कहा कि इसके साथ ही रोहिणी में नवनिर्मित एक खेल परिसर का नाम 'अटल खेल परिसर' रखा जाएगा।

सीएम रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई यह बैठक

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई 'राज्य नामकरण प्राधिकरण' (एसएनए) की बैठक में इन फैसलों को मंजूरी दी गई। जारी बयान में कहा गया है कि यात्रियों की सुविधा और स्टेशन को एक स्पष्ट पहचान देने के उद्देश्य से 'रोहिणी पूर्व' मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर अब 'रोहिणी मेट्रो स्टेशन' किया जाएगा।

बाबा रामदेवजी महाराज अस्पताल के नाम को मंजूरी

बताया जा रहा है कि प्रशासन ने रोहिणी के बेगमपुर में निर्माणाधीन खेल परिसर का नाम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने को भी मंजूरी दी है। बयान में कहा गया है कि, परिसर में भारत रत्न से सम्मानित अटल बिहारी वाजपेयी की एक प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। बैठक के दौरान ज्वालापुरी में निर्माणाधीन अस्पताल का नाम बदलकर 'बाबा रामदेवजी महाराज अस्पताल' करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

'ब्रिटानिया चौक' का नाम बदलकर 'अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक'

इसके अलावा, सरकार ने शुकूरपुर स्थित 'ब्रिटानिया चौक' का नाम बदलकर ’अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक’ करने को हरी झंडी दी है। बयान के मुताबिक, इस बैठक में मुख्य सचिव, शहरी विकास सचिव, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के निदेशक शामिल हुए। गुप्ता ने कहा कि इन फैसलों का लक्ष्य दिल्ली की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मान देना है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article