Delhi Encounter News: देश की राजधानी में अपराध और अपराधियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस टीम और कुख्यात 'भाऊ गैंग' के शार्पशूटरों के बीच नजफगढ़ के बापरोला इलाके में सोमवार की सुबह जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो खतरनाक शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है।
बापरोला में पुलिस और बदमाशों की हुई भिड़ंत
मुठभेड़ की पूरी जानकारी
दिल्ली पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस टीम को सूचना मिली थी कि दो बदमाश रनहौला इलाके में आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने बापरौला गांव में घेराबंदी कर ट्रैप लगाया। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने सरेंडर करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पैरों में गोली मारकर उन्हें काबू कर लिया।जब टीम ने घेराबंदी कर उन्हें सरेंडर करने को कहा, तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दीपक और अतुल नाम के दो शूटर घायल हो गए, जिन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
हत्या और गोलीबारी में थे शामिल
गिरफ्तार किए गए दोनों शूटर कई गंभीर वारदातों में वॉन्टेड थे। पुलिस ने बताया कि अतुल हाल ही में गुरुग्राम के एक शोरूम में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना में शामिल था, जिसने इलाके में दहशत फैला दी थी। वहीं दीपक दिल्ली पुलिस के एक रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी था।
हथियार और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल शूटरों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वे पुलिस हिरासत में हैं। स्पेशल सेल अब इनसे पूछताछ कर रही है ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और इनके आगामी ठिकानों का पता लगाया जा सके।
