Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस ने कुख्यात कार जैकर मनोज बक्करवाला के बेटे आशीष बक्करवाला को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आउटर दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, बक्करवाला रूट इलाके में पुलिस की आरोपी के साथ आमने-सामने की फायरिंग हुई, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और गैंग कनेक्शनों की जांच कर रही है।
सांकेतिक फोटो
पुलिस के अनुसार, स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि आशीष अपने गांव बक्करवाला आने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए इलाके में जाल बिछाया। आशीष के वहां पहुंचते ही पुलिस ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस दौरान दोनों तरफ से दो-दो राउंड फायरिंग हुई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
लग्जरी कारों की चोरी और लूटकांड का आरोपी है मनोज
आशीष, मनोज बक्करवाला का बेटा है। मनोज दिल्ली और हरियाणा के सबसे कुख्यात कार चोरों और कार-जैकर्स में से एक माना जाता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पिछले दो दशकों में उसने 300 से अधिक लग्जरी वाहनों की चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दिया है। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उसके बेटे आशीष बक्करवाला का भी लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
आशीष बक्करवाला 4 मामलों में वांटेड
आशीष पर 8 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह चार मामलों में वांटेड चल रहा था। पुलिस के अनुसार, वह हाल ही में हत्या के एक मामले में जेल से बाहर आया था और हिमांशु भाऊ गैंग के साथ मिलकर काम कर रहा था। 14 मई की रात मुंडका, रनहोला और कंझावला इलाके में हुई फायरिंग की घटनाओं में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही हैं।
मनोज बक्करवाला के लॉरेंस गैंग से कनेक्शन
जांच एजेंसियों के अनुसार, मनोज बक्करवाला वाहन चोरी के लिए तकनीक का इस्तेमाल करता था और फर्जी दस्तावेजों से चोरी की गाड़ियों को नए रूप में बेचता था। वह कई बार पुलिस हिरासत से भी फरार हो चुका है। जेल में उसके संबंध लॉरेंस बिश्नोई और टीनू भवानी जैसे गैंगस्टरों के साथ भी रहे थे। जिसके बाद वह उनके गैंग के साथ मिलकर वारदातों में अंजाम देने लगा था। पुलिस अब उसके बेटे से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
