शहर

Delhi Double Murder: सरिता विहार में घर के अंदर मां-बेटी की हत्या, बेड के बॉक्स में छिपी मिली लाशें

दिल्ली के सरिता विहार इलाके में एक 35 वर्षीय महिला और उसकी छह साल की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद आरोपी ने शव को बेड के बॉक्स में छिपा दिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच और पूछताछ के बाद पड़ोसी के भतीजे को संदिग्ध माना है, जो फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

Image

दिल्ली में घर में मां-बेटी की हत्या

Delhi Double Murder: दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी इलाके से डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सरिता विहार में एक 35 वर्षीय महिला और उसकी छह साल की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनके शव घर के अंदर बेड के बॉक्स में मिले। इस मामले में पड़ोस में रहने वाले एक युवक को मुख्य संदिग्ध बताया जा रहा है। घटना के बाद से ही वह फरार है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे एक पीसीआर कॉल आई, जिसमें आली विहार स्थित एक घर में दो शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि एक महिला और एक छोटी बच्ची के शव बेड के बॉक्स स्टोरेज में छिपाए गए थे। दोनों को तुरंत एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गला घोंटने से हुई मौत

मृतकों की पहचान ज्योति (35) और उसकी छह वर्षीय बेटी के तौर पर हुई है। शुरुआती मेडिकल जांच में शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। लेकिन शनिवार को पोस्टमार्टम के दौरान खुलासा हुआ कि मां-बेटी की मौत गला घोंटने और दम घुटने से हुई है। हालांकि अभी फाइनल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पति को अंदर से बंद मिला दरवाजा

स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला अपने पति और तीन बच्चों के साथ घर में रहती थी। घटना के वक्त दो बच्चे स्कूल गए थे। रात को करीब 9 बजे जब उसका पति घर लौटा, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला और उसके दो बच्चे भी बाहर बैठे मिले। उसने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। कुछ गड़बड़ी का शक होने पर उसने दरवाजा तोड़ा और अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। लेकिन कोई भी सामान गायब नहीं था। तलाशी के दौरान उसे बेड के नीचे बने बॉक्स में पत्नी और सबसे छोटी बेटी के शव मिले।

पड़ोसी के भतीजे पर हत्या का संदेह

पुलिस की शुरुआती जांच और स्थानीय पूछताछ के बाद 35 वर्षीय अकाउंटेंट दीन दयाल को मुख्य आरोपी के तौर पर चिन्हित किया गया है। वह उसी इमारत में रहता है और अविवाहित है। उसे रिश्ते में पड़ोसी परिवार का भतीजा बताया जा रहा है। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत केस दर्ज कर लिया है। क्राइम ब्रांच, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीमें घटनास्थल पर जांच कर साक्ष्य जुटा चुकी हैं। पुलिस की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही है और आगे की जांच भी जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article