Delhi Rohini Murder Case: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-3 इलाके में एक बुजुर्ग की घर में घुसकर चाकू से मारकर हत्या और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रोहिणी जिला पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी सुला दी और आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पुलिस ने मृतक की सगी भांजी ने लूटपाट के इरादे से हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मृतक की भांजी, उसके जिम ट्रेनर साथी और दो अन्य युवकों समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रोहिणी में हत्या-लूटकांड सुलझा, भांजी और जिम ट्रेनर समेत 4 पुलिस गिरफ्त में
बुजुर्ग को अकेले पाकर घर में घुसे बदमाश
जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात रोहिणी सेक्टर-3 स्थित एक मकान की पहली मंजिल पर घटी। मृतक की पहचान राकेश खन्ना के रूप में हुई है। वारदात के समय उनकी पत्नी बाजार गई हुई थीं और वह घर पर अकेले थे। इसी दौरान आरोपी लूटपाट के इरादे से घर में घुस आए। जब बुजुर्ग ने उनका विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने पहले उनका गला दबाया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में रखी नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लेकर मौके से फरार हो गए।
DCP ने लिया घटनास्थल का जायजा
मृतक की पत्नी जब बाजार से लौटकर आई, तो घर के भीतर का खौफनाक मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही रोहिणी जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल पुलिस टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल। जांच में सामने आया कि बुजुर्ग का कोई बेटा नहीं था और उन्होंने करीब पांच महीने पहले ही अपना पुराना मकान बेचकर यहां नया घर खरीदा था। इसी बात की भनक आरोपियों को थी।
भांजी ही निकली वारदात की मास्टरमाइंड
सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर दबिश दी। जिसके बाद कुछ ही घंटों में चार आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि हत्या और लूट की पूरी साजिश मृतक की सगी भांजी ने ही रची थी। आरोपी भांजी को अपने मामा के घर में नकदी और हाल ही में हुई संपत्ति की बिक्री की पूरी जानकारी थी। उसने अपने जिम ट्रेनर दोस्त और उसके दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की पूरी प्लानिंग की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, डकैती और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लूटी गई नकदी और सामान की बरामदगी शुरू कर दी है। आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है।
