Delhi hotel Fire: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घायलों से मुलाकात की। उन्होंने गुरुवार को साकेत स्थित मैक्स अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती पीड़ितों का हालचाल जाना। सीएम ने पीड़ितों के परिजनों से भी मुलाकात की और डॉक्टरों से इलाज की स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित लोगों को हर संभव मदद की जाए और इलाज में किसी तरह की कोई कमी न रहने दी जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन के साथ मिलकर घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि सभी मरीजों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके और उनके इलाज में आर्थिक परेशानी बाधा न बने।
सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान
सीएम ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए विशेष राहत पैकेज का भी ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 10 लाख रुपये की। आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को 5 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया जाए। दिल्ली सरकार मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक स्थानों तक पहुंचाने के लिए व्यवस्था भी करेगी, ताकि पीड़ित परिवारों को अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती के साथ खड़ी है। सीएम ने कहा कि सरकार पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हर स्तर पर सहयोग दिया जाएगा।
मालवीय नगर होटल अग्निकांड में 21 लोगों की मौत
गौरतलब है कि बुधवार 3 जून को मालवीय नगर के एक होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद प्रशासन और जांच एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं।
