Delhi CM Rekha Gupta Inspection: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज राजधानी के कई क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को आम जनता की सुविधाओं और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक, आज सोमवार, 20 अप्रैल को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आजादपुर मंडी, गुप्ता मार्केट और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने DMRC, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया और अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट ली। बताया जा रहा है कि, उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि स्थानीय लोगों की आवाजाही और सुविधाओं को प्राथमिकता में रखते हुए काम किया जाए।
सीएम रेखा गुप्ता ने दिए ये निर्देश
मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर कहा, "दिल्लीवासियों के लिए हम बेहतर अवसंरचना और उनकी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं विकसित कर रहे हैं। वर्षों से उपेक्षित क्षेत्रों में भी नए विकास कार्यों की शुरुआत की गई है, और इन्हें समय पर पूरा कर जनता को समर्पित करने के लिए हमारी सरकार चौबीस घंटे 'मिशन मोड' में कार्य कर रही है।" उन्होंने आगे कहा कि सभी संबंधित विभागों को स्थानीय नागरिकों के आवागमन और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गये हैं।मुख्यमंत्री गुप्ता ने किया क्षेत्रों का दौरा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक, अधिकारियों को साफ तौर से निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ, निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता से समझौता किए बिना पूरे किए जाएं, ताकि जनता को समय पर सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर साफ-सफाई, कूड़ा उठाने और बेहतर प्रबंधन को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक और सख्त निर्देश दिए गए हैं।
