Delhi News: दिल्ली में यमुना को स्वच्छ बनाने और राजधानी को साफ-सुथरा रखने के लिए गुरुवार को सफाई अभियान चलाया गया। शालीमार बाग के मुनक नहर घाट पर आयोजित इस अभियान का नेतृत्व मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि साफ-सफाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह शहर के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इस विशेष अभियान में बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ, अभिनेत्री ईशा गुप्ता, गायक बिस्मिल के साथ ही स्कूली बच्चों ने भी हिस्सा लिया। सभी ने लोगों से कचरे का सही प्रबंधन करने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अपील की।
दिल्ली के मुनक नहर घाट पर चला सफाई अभियान
त्योहारों के बाद सार्वजनिक स्थलों की सफाई जरूरी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह अभियान केवल मुनक नहर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दिल्ली और मां यमुना की स्वच्छता व हरियाली से जुड़ी है। दिल्ली को साफ और हरा-भरा रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि लोग अपनी आस्था और परंपराओं के अनुसार बड़े पैमाने पर त्योहार और सांस्कृतिक उत्सव मनाते हैं, लेकिन आयोजन समाप्त होने के बाद उन स्थानों और शहर को साफ रखना भी सभी की जिम्मेदारी होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान में लोगों की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि सरकार तो अपना काम कर ही रही है, लेकिन स्कूली बच्चों, मशहूर हस्तियों और आम नागरिकों के एक साथ आने से इस अभियान को नई गति और मजबूती मिलती है।
जैकी श्रॉफ और ईशा गुप्ता ने की अपील
अभियान में शामिल हुए अभिनेता जैकी श्रॉफ ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा सिर्फ बातों से नहीं, बल्कि जमीन पर काम करने से होगी। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली, साफ हवा और स्वच्छ पानी छोड़ना जरूरी है। अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने बच्चों और युवाओं से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने से पहले सोचें। उन्होंने कहा कि धरती, देश और भविष्य सभी के हैं, इसलिए स्वच्छता की जिम्मेदारी भी सबकी है। गायक बिस्मिल ने मुख्यमंत्री, भामला फाउंडेशन और मॉडर्न स्कूल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि कचरे का सही प्रबंधन करना और दिल्ली को साफ रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।
