Z Security to Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को दिल्ली पुलिस की 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है, सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यह गृह मंत्रालय के सुरक्षा दिशा-निर्देशों के अनुसार है, जिसका जिक्र 'येलो बुक' में है, जिसमें वीआईपी और वीवीआईपी के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल का विवरण दिया गया है।
'जेड' श्रेणी की सुरक्षा के तहत, रेखा गुप्ता को लगभग 22 सुरक्षा कर्मियों द्वारा सुरक्षा प्रदान की जाएगी, जिसमें निजी सुरक्षा अधिकारी, एस्कॉर्ट, निगरानी कर्मचारी और लगभग आठ स्थिर सशस्त्र गार्ड शामिल हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह बढ़ा हुआ सुरक्षा कवर आमतौर पर हाई-प्रोफाइल राजनीतिक हस्तियों को दिया जाता है। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को भी उनके कार्यकाल के दौरान 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई थी।
सीएम पद की ली शपथ
पहली बार विधायक निर्वाचित रेखा गुप्ता गुरुवार को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने हिंदी में, ईश्वर के नाम पर शपथ ली। रेखा गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्राज और पंकज कुमार सिंह ने नयी मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली।
इसके साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सत्ता में वापसी हो गई। हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी सहित कई दिग्गज रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इनके अलावा चंद्रबाबू नायडू, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, अजीत पवार और पवन कल्याण सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस समारोह के साक्षी बने। रामलीला मैदान में कई गणमान्य हस्तियां और बड़ी संख्या में आम लोग भी उपस्थित थे।
