शहर

Delhi: साकेत मेट्रो के पास इमारत ढहने से 3 लोगों की मौत, 8 लोग बचाए गए; रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

साउथ दिल्ली के सैदुलजाब इलाके में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यावसायिक इमारत ढहने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। जिन्हें इलाज के लिए एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। एनडीआरएफ, दमकल और पुलिस ने पूरी रात राहत-बचाव अभियान चलाया।

Image

Delhi Building Collapse

Delhi Building Collapse Update: साउथ दिल्ली में शनिवार को साकेत मेट्रो स्टेशन के पास इमारत ढहने से हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है, जबकि 8 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। जानकारी के अनुसार सैदुलजाब इलाके के वेस्टर्न मार्ग में स्थित यह इमारत शनिवार शाम को ढह गई थी। इस भवन में एक कोचिंग संस्थान, कैफे और कई कार्यालय संचालित हो रहे थे। हादसे के समय इसकी ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य जारी था।

बिल्डिंग का मलबा कैंटीन पर गिरा

अधिकारियों ने बताया कि इमारत पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई और उसका मलबा पास में स्थित टिन शेड वाली कैंटीन पर जा गिरा, जहां मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र अक्सर आते थे। एक मृतक व्यक्ति की पहचान रवि (26) के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान गुरुग्राम निवासी तरुण कुमार (26), बिहार के मोतिहारी निवासी साइका खान (27), सैदुलजाब निवासी नीलम यादव (25), साकेत निवासी आदित्य शर्मा (24), नोएडा निवासी क्षितिज प्रताप (25), साकेत निवासी अनुज (25), सैदुलजाब निवासी आस्था (25) और साकेत निवासी विशाल (24) के रूप में हुई है।

सभी घायल एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती

डीएफएस ने रविवार सुबह बताया कि सात लोगों को दिल्ली अग्निशमन सेवा के कर्मियों ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीएआरएफ), दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) और अन्य एजेंसियों की सहायता से मलबे से बाहर निकाला। वहीं दो लोगों को स्थानीय निवासियों ने मलबे से बाहर निकाला। सभी आठ घायलों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

बचाव अभियान रातभर रहा जारी

घटनास्थल पर एनडीआरएफ, डीएफएस, डीडीएमए, दिल्ली पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों की भागीदारी वाला बचाव अभियान पूरी रात जारी रहा। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव दलों ने भारी मशीन, हाइड्रोलिक कटर, पीड़ितों का पता लगाने वाले कैमरों और खोजी कुत्तों का इस्तेमाल किया।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article