शहर

उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर दर्दनाक हादसा; चलती ट्रेन के आगे कूदे नाबालिग की गई जान, ब्लू लाइन सेवा प्रभावित

राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार को एक दुखद घटना में 17 वर्षीय किशोर की चलती मेट्रो ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह किसी निजी कारण से मानसिक रूप से परेशान था। घटना के चलते ब्लू लाइन की सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं, जिन्हें बाद में सामान्य कर दिया गया।

Image

दिल्ली में मेट्रो ट्रेन के आगे कूदने से नाबालिग की मौत (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Uttam Nagar East Metro Station Incident: शुक्रवार को राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर एक दुखद घटना सामने आई, जहां चलती मेट्रो ट्रेन के आगे कूदने से 17 वर्षीय किशोर की जान चली गई। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना की सूचना सुबह करीब 11:07 बजे स्टेशन कंट्रोलर द्वारा पुलिस को दी गई थी। बताया गया कि किशोर प्लेटफॉर्म नंबर 1 से पटरियों पर उतर गया और द्वारका की ओर से आ रही मेट्रो ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

प्रारंभिक जांच से क्या पता चला

अधिकारी के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद मेट्रो स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने युवक को पटरियों से बाहर निकाला। मृतक की पहचान अश्विनी डागर के रूप में हुई, जो नजफगढ़ क्षेत्र का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि उसने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी और उत्तम नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि वह किसी व्यक्तिगत कारण से मानसिक रूप से व्यथित था।

इकलौती औलाद था अश्विनी

पुलिस के अनुसार, वह अपने माता-पिता की एकमात्र संतान था। उसके पिता दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में अनुबंध पर चालक के पद पर कार्यरत हैं। अधिकारी ने बताया, “शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल भेज दिया गया है।” पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। साथ ही, मेट्रो विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

डीएमआरसी ने ट्वीट कर दी ये जानकारी

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने सोशल मीडिया के माध्यम से सूचित किया कि ब्लू लाइन पर कुछ समय के लिए सेवाएं बाधित रहीं। पोस्ट में बताया गया कि उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री के ट्रैक पर आने की वजह से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। हालांकि, अन्य सभी मेट्रो लाइनों पर संचालन सामान्य रूप से जारी रहा। बाद में डीएमआरसी ने एक और ट्वीट कर जानकारी दी कि स्थिति सामान्य होने के बाद ब्लू लाइन पर सेवाएं फिर से बहाल कर दी गई हैं।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article