FIFA World Cup Final: फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup 2026) का फाइनल मुकाबला इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ी अर्जेंटीना के लिए बेहद खास होने वाला है। मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना रविवार देर रात (भारतीय समयानुसार) मेटलाइफ स्टेडियम में यूरोपीय चैंपियन स्पेन से भिड़ेगी। इस महामुकाबले को लेकर फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे ऐसा फाइनल बताया है, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। इसी उत्साह को देखते हुए राजधानी दिल्ली के कई रेस्टोरेंट और कैफे फुटबॉल प्रशंसकों के लिए सुबह 4 बजे तक खुले रहेंगे, ताकि लोग देर रात तक इस ऐतिहासिक मुकाबले का आनंद ले सकें।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया क्या ऐलान?
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर फीफा विश्व कप फाइनल को लेकर अपना उत्साह साझा किया। उन्होंने लिखा कि फुटबॉल प्रेमियों ने लियोनेल मेसी को कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करते हुए देखा है और अब दुनिया एक और यादगार अध्याय की गवाह बनने जा रही है। उनके अनुसार, यह ऐसा मुकाबला होगा जिसे आने वाली पीढ़ियां भी लंबे समय तक याद रखेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा लागू किए गए 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' सुधारों के तहत राजधानी में 24x7 कारोबार को बढ़ावा देने वाली व्यवस्था पहले से प्रभावी है। इसी के चलते इस सप्ताहांत शहर के रेस्टोरेंट, कैफे और अन्य पात्र प्रतिष्ठान सुबह 4 बजे तक खुले रह सकेंगे, ताकि फुटबॉल प्रशंसक एक साथ जुटकर विश्व कप फाइनल के रोमांच का आनंद ले सकें।
फीफा में कैसा रहा अर्जेंटीना का सफर?
फीफा विश्व कप फाइनल तक पहुंचने का अर्जेंटीना का सफर चुनौतीपूर्ण रहा है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन के साथ कठिन मुकाबलों, शानदार वापसी और एक्स्ट्रा-टाइम में मिली अहम जीतों के दम पर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई। इस अभियान में कप्तान लियोनेल मेसी ने एक बार फिर अपनी नेतृत्व क्षमता और बेहतरीन खेल का परिचय दिया। 39 वर्षीय मेसी टूर्नामेंट में अब तक 8 गोल के साथ शीर्ष स्कोरर बने हुए हैं और अर्जेंटीना की सफलता के सबसे बड़े सूत्रधार साबित हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने जर्मनी के दिग्गज मिरोस्लाव क्लोज का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। मेसी अब फीफा विश्व कप के इतिहास में 21 गोल के साथ सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, जिससे उन्होंने अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली है।
फाइनल में कैसा होगा मुकाबला?
पूरे टूर्नामेंट में अर्जेंटीना ने आक्रामक फुटबॉल का शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने सात मैचों में कुल 19 गोल दागकर प्रतियोगिता की सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीम का दर्जा हासिल किया है। कप्तान लियोनेल मेसी के अलावा लुटारो मार्टिनेज, एन्जो फर्नांडीज, जूलियन अल्वारेज, एलेक्सिस मैक एलिस्टर और जियोवानी लो सेल्सो ने भी टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब अर्जेंटीना को लगातार दूसरी बार विश्व कप चैंपियन बनने और नया इतिहास रचने के लिए सिर्फ स्पेन की चुनौती पार करनी होगी। खिताबी मुकाबले में दोनों टीमों की अलग-अलग ताकतें आमने-सामने होंगी। एक ओर अर्जेंटीना का दमदार आक्रमण है, जिसने टूर्नामेंट में सबसे अधिक 19 गोल किए हैं, तो दूसरी ओर स्पेन की मजबूत डिफेंस है, जिसने सात मैचों में केवल एक गोल ही गंवाया है। ऐसे में फाइनल में आक्रमण और डिफेंस के बीच रोमांचक रणनीतिक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
लियोनेल मेसी के करियर का आखिरी टूर्नामेंट?
बताया जा रहा है कि यह विश्व कप लियोनेल मेसी के करियर का आखिरी टूर्नामेंट भी साबित हो सकता है। ऐसे में पूरी अर्जेंटीना टीम अपने महान कप्तान को यादगार विदाई देने के इरादे से एक और विश्व कप ट्रॉफी जीतने के लिए पूरा दम लगाएगी। यदि अर्जेंटीना फाइनल में जीत दर्ज करने में सफल रहती है, तो वह इटली और ब्राजील के साथ उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो जाएगी, जिन्होंने लगातार दूसरी बार फीफा विश्व कप का खिताब अपने नाम कर सफलतापूर्वक अपने खिताब का बचाव किया है।
