Delhi School Bomb Threat: देश की राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ समय से लगातार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। इसी बीच 23 अक्टूबर 2026 को लोधी रोड स्थित मशहूर एयरफोर्स बाल भारती स्कूल को भी एक खौफनाक ईमेल मिला, जिसमें स्कूल परिसर में बम होने का दावा किया गया था। इस ईमेल के मिलते ही हड़कंप मच गया, लेकिन जब दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने इस मामले की परतें उधेड़ीं, तो सच जानकर हर कोई दंग रह गया।
लोधी रोड स्कूल मामले में साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन (फाइल फोटो)
पुलिस की तकनीकी जांच में सामने आया कि स्कूल को बम से उड़ाने की यह झूठी धमकी किसी बाहरी आतंकी संगठन या अपराधी ने नहीं, बल्कि उसी स्कूल की एक छात्रा ने भेजी थी। पूछताछ और शुरुआती पड़ताल में पता चला कि छात्रा का मकसद सिर्फ इतना था कि इस ईमेल के बाद स्कूल में उस दिन की छुट्टी घोषित कर दी जाए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: पंजाब रेलवे ब्लास्ट: NIA चार्जशीट में पाकिस्तान कनेक्शन का दावा, छह आरोपी घेरे में; जानें कैसे रची गई साजिश
मामले का ऐसे हुआ खुलासा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) अनंत मित्तल के निर्देशों पर साइबर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की थी। एसीपी बलराम सिंह बेनीवाल की निगरानी और एसएचओ हंसराज स्वामी के नेतृत्व में बनी टीम ने जब ईमेल के आईपी एड्रेस और डिजिटल कड़ियों का विश्लेषण किया, तो तार सीधे छात्रा तक जा पहुंचे। दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार, छात्रा नाबालिग है, इसलिए उसके खिलाफ 'किशोर न्याय अधिनियम' (Juvenile Justice Act) के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हाल के दिनों में राजधानी के कई परिसरों में बम की धमकियों के मामले सामने आए हैं, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ऐसी हर सूचना को बेहद गंभीरता से ले रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसी झूठी और भ्रामक अफवाहें फैलाना कानूनन अपराध है और डिजिटल साक्ष्यों के जरिए ऐसे मामलों को तुरंत पकड़ लिया जाता है।
