शहर

Delhi News: डिफेंस कारोबारी साहिल लूथरा को फिर मिली जान से मारने की धमकी, विदेशी नंबरों से आई कॉल

डिफेंस कारोबारी साहिल लूथरा को दो इंटरनेशनल नंबरों से जान से मारने की धमकी मिली है। कॉल करने वालों ने अमृतसर फायरिंग मामले में शामिल होने का दावा किया। पहले उनसे 10 करोड़ की रंगदारी भी मांगी गई थी। दिल्ली पुलिस ने मामला स्पेशल सेल को सौंपकर जांच शुरू कर दी है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Delhi News: डिफेंस सेक्टर से जुड़े कारोबारी साहिल लूथरा को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। दिल्ली पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद इस मामले में संज्ञान लिया है और स्पेशल सेल को जांच सौंप दी है। शिकायत के मुताबिक साहिल लूथरा को 26 फरवरी को दो इंटरनेशनल नंबरों से कॉल आई। बताया जा रहा है कि ये कॉल पुर्तगाल और जर्मनी से किए गए थे। फोन करने वालों ने दावा किया कि पिछले साल 29–30 नवंबर की रात अमृतसर स्थित उनके घर के बाहर हुई फायरिंग में वही लोग शामिल थे। कॉलर ने कारोबारी को धमकी दी कि वे आगे भी हमला कर सकते हैं।

10 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप

शिकायत में यह भी कहा गया है कि अगस्त 2025 में लूथरा से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इस केस का तरीका और धमकी देने का पैटर्न उन मामलों से मिलता-जुलता है, जिनमें पहले भी हाई-प्रोफाइल लोगों को निशाना बनाया गया था। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ऑफिस की ओर से ईमेल के जरिए बताया गया कि यह मामला आगे की जांच के लिए स्पेशल सेल को ट्रांसफर कर दिया गया है। हालांकि जांच जारी होने का हवाला देते हुए पुलिस ने ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। अमृतसर में हुई फायरिंग की घटना की जांच पहले से ही जारी है। हाल के दिनों में कई चर्चित मामलों में डराने-धमकाने के लिए घर के बाहर गोली चलाने की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस यह भी देख रही है कि क्या इन मामलों के बीच कोई कड़ी है।

कई देशों से किए गए VoIP कॉल

शिकायत में दावा किया गया है कि धमकी भरे कॉल VoIP के जरिए किए गए। जिनकी लोकेशन पुर्तगाल, जर्मनी, कनाडा और अमेरिका तक ट्रेस हुई है। ऐसे में जांच एजेंसियां मामले के अंतरराष्ट्रीय एंगल को भी खंगाल रही हैं। शिकायत में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) और गोल्डी बराड़ गैंग का भी जिक्र किया गया है। हालांकि जांच एजेंसियों ने अभी तक किसी संगठन की सीधी भूमिका की पुष्टि नहीं की है।

पहले से मिल रही थीं धमकियां

साहिल लूथरा विजयेन त्रिशूल डिफेंस सॉल्यूशंस (VTDS) के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। शिकायत के मुताबिक अक्टूबर 2024 से ही उन्हें धमकियां मिल रही थीं। उसी दौरान कंपनी ने पंजाब में विस्तार की घोषणा की थी। मई 2025 में कंपनी के ईमेल और सोशल मीडिया अकाउंट्स को हैक करने की कोशिश भी हुई थी। शिकायत में दावा है कि कुछ डिजिटल गतिविधियां पाकिस्तान से ऑपरेट होने वाले अकाउंट्स से जुड़ी हो सकती हैं। साइबर क्राइम यूनिट इस एंगल की भी जांच कर रही है।

वहीं अमृतसर फायरिंग मामले में पंजाब पुलिस ने रंजीत एवेन्यू थाने में FIR नंबर 120/2025 दर्ज की है। अब तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और अन्य एजेंसियां पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article