Delhi Mumbai Expressway Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा वडोदरा जिले के पादरा के समीप समियाला क्षेत्र में हुआ, जहां एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इको कार में सवार एक परिवार महेसाणा जा रहा था।
गलत दिशा में समियाला क्षेत्र की ओर पहुंचा वाहन
बताया जा रहा है कि रास्ता भटक जाने के कारण वाहन गलत दिशा में समियाला क्षेत्र की ओर पहुंच गया। इसी दौरान ट्रक से टक्कर होने पर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान
इन हादसे में इन चार लोगों की मौत हुई है-
- गौरीबेन रमेशभाई सोलंकी, निवासी अम्पाड, वडोदरा
- दलपतभाई डाह्याभाई मेवाड़ा, निवासी अम्पाड, वडोदरा
- नरेंद्रसिंह लालजीभाई राठौड़, निवासी अम्पाड, वडोदरा
- प्रह्लादभाई उर्फ प्रकाशभाई जोगेश्वर बारड, निवासी गोत्री, वडोदरा
पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार
घायलों में कनुभाई अंबालाल मेवाड़ा, रमेशभाई डाह्याभाई सोलंकी, लक्ष्मीबेन मगनभाई सोलंकी, धर्मिष्ठाबेन प्रह्लादभाई (प्रकाशभाई) बारड शामिल हैं जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी के अंदर बैठे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।दुर्घटना के कारणों जांच जारी
मृतकों के परिजनों ने बताया कि हादसे में परिवार के सदस्य और वाहन चालक की जान चली गई। वहीं, एक महिला के पैर में फ्रैक्चर और सिर में चोट आई है, जिनका इलाज पादरा अस्पताल में जारी है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
