तो क्या बंद हो जाएंगे दिल्ली के वाटर स्पोर्ट्स क्लब? 5 को दिया DDA ने नोटिस, जानें वजह

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के आसपास बने पांच वाटर स्पोर्ट्स क्लबों को अवैध अतिक्रमण बताते हुए खाली करने के लिए नोटिस जारी किया है। प्राधिकरण ने तय समयसीमा के भीतर जमीन खाली न करने पर बलपूर्वक कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

Delhi News: दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के आसपास अवैध रूप से बने पांच वाटर स्पोर्ट्स क्लबों को खाली करने के लिए बेदखली नोटिस जारी किए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी क्लब डीडीए की भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए हैं। क्लब से जुड़े सदस्यों ने मंगलवार को जानकारी दी कि प्राधिकरण ने निर्धारित समय सीमा में जमीन खाली न करने पर बलपूर्वक कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

DDA Eviction Notice

डीडीए ने पांच वाटर स्पोर्ट्स क्लब को बेदखली का नोटिस भेजा

'दिल्ली रोइंग एसोसिएशन' करती है क्लबों का प्रतिनिधित्व

'दिल्ली रोइंग एसोसिएशन' इन पांचों क्लबों का प्रतिनिधित्व करती है, जिनमें वसुंधरा रोइंग क्लब, बीएसएफ सेंटर वाटर स्पोर्ट्स क्लब, सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब, वजीराबाद वाटर स्पोर्ट्स क्लब और दिल्ली रोइंग नोड शामिल हैं। एसोसिएशन का कहना है कि वह रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन से संबद्ध है। डीडीए द्वारा 21 मई को जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के प्रवेश द्वार के पास स्थित यह भूमि प्राधिकरण की संपत्ति है, जिस पर अस्थायी ढांचे बनाकर अतिक्रमण किया गया है। डीडीए ने क्लब संचालकों को नोटिस जारी होने के तीन दिन के अंदर यह अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। हालांकि मंगलवार तक इस मामले में कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी।

End of Feed