Prince Tillu Murder Case : दौसा का बहुचर्चित टिल्लू उर्फ प्रिंस हत्याकांड छह साल बाद एक बार फिर सुर्खियों में है। 24 फरवरी को करीब साढ़े तीन घंटे तक जेसीबी से खुदाई की गई और 25 फरवरी को भी पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में सर्च ऑपरेशन जारी रहा। वहीं गुरुवार को भी पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी। 2021 में हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई और उसी के बाद अब प्रशासन ने दोबारा खुदाई का कदम उठाया है। फिलहाल, एक्सप्रेसवे के आसपास की इस जमीन को खंगाला जा रहा है। मानो यहां दफन हो कोई ऐसा राज। जो छह साल से इंसाफ का इंतजार कर रहा हो।
बहुचर्चित प्रिंस उर्फ टिल्लू हत्याकांड में जांच ने अब नया और हाईटेक मोड़ ले लिया है। बांदीकुई पुलिस ने दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर जांच तेज कर दी है। वर्ष 2020 के सर्वे से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। इन्हीं सुरागों के आधार पर अब एक्सप्रेसवे के एक हिस्से को संदिग्ध मानते हुए कार्रवाई की जा रही है। सबसे खास बात यह है कि पुलिस आज दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर GPR (ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार) मशीन से जमीन का स्कैनिंग सर्वे करवा रही है। इस हाईटेक तकनीक से जमीन के नीचे मौजूद शव, असामान्य संरचनाओं का पता लगाया जाएगा।
स्कैनिंग के बाद संदिग्ध जगह मार्क
स्कैनिंग के बाद संदिग्ध जगह को मार्क किया जा रहा है। जैसे ही संभावित स्थान की पुष्टि होती है, उसके बाद दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे के उस हिस्से पर खुदाई और जरूरत पड़ने पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी, ताकि टिल्लू उर्फ प्रिंस के शव को बरामद किया जा सके। मौके पर पुलिस की टीम तैनात है और पूरे ऑपरेशन को सुरक्षा घेरे में अंजाम दिया जा रहा है। छह साल से लंबित इस मामले में अब तकनीक के सहारे सच तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। क्या एक्सप्रेसवे के नीचे दफन है टिल्लू का सच? इस सवाल का जवाब अब इस हाईटेक स्कैनिंग ऑपरेशन से मिलने की उम्मीद है।
बांदीकुई थाना एसएचओ जहीर अब्बास ने बताया दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर उनबाड़ा गांव के पास जिस संदिग्ध जगह शव दबा होने की आशंका है। वहां किनारे पर खुदाई की जा रही है। वहीं एक्सप्रेसवे पर मार्किंग की गई है और बेरिकेड्स लगाए गए है, जिसके नीचे खुदाई होनी है। जीपीआर मशीन से सर्च किया जा रहा है। 3D इमेज भी देखी जा रही हैं। ताकि जल्द संदिग्ध जगह तक पहुंच सके। पुलिस थानाधिकारी ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है उनसे पूछताछ के बाद ही इस संदिग्ध जगह पर खुदाई की जा रही है। जल्द गिरफ्तार भी किया जाएगा।
प्रिंस उर्फ टिल्लू के परिजन न्याय की गुहार लगाते हुए दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे के किनारे बिलखते हुए नम आँखों के साथ टिल्लू के शव के बाहर आने और न्याय के मुक्कमल मंजिल तक पहुँचने की उम्मीद के साथ बैठे हैं।
दुबई से वापस लौटा पिता
टिल्लू के पिता जगमोहन जो दुबई में काम करते हैं। खुदाई की खबर मिलते ही गांव पहुंच गए। उनकी आंखों में उम्मीद भी है और दर्द भी। छह साल से बेटे को न्याय दिलाने की लड़ाई। लेकिन अब भी हाथ खाली है। उन्हें भरोसा है कि इस बार मिट्टी सच बताएगी। परिजनों का आरोप है कि आपसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया था। टिल्लू उर्फ प्रिंस की बहन अर्चना और मां आशा देवी का कहना है की वो चार साल का मासूम था उसकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। अगर आरोपियों को कोई दिक्कत थी तो हमें कहते उस मासूम को क्यों मार दिया? परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
