शहर

Sambhal News: गणतंत्र दिवस पर बाबा साहेब का नाम लेना गुजरा नागवार,'जय भीम-जय भारत' बोलने पर दलित छात्र की पिटाई

  • Agency by: Agency
  • Updated Jan 27, 2024, 07:31 PM IST

संविधान के पितामह बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर का नाम लेना उत्तर प्रदेश के संभल के एक दलित छात्र को भारी पड़ गया। यहां अन्य छात्रों ने'जय भीम-जय भारत' बोलने पर छात्र को बुरी तरह पीट दिया।

Image

बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर

Photo : Twitter

संभल: जिले के एक स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान अनुसूचित जाति (एससी) के एक छात्र द्वारा भाषण समाप्त करने के बाद 'जय भीम-जय भारत' बोलने पर दो अन्य विद्यार्थियों ने उसकी कथित तौर पर पिटाई कर दी। पुलिस के मुताबिक, संभल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र के नरौली कस्बे में स्थित स्कूल में पढ़ने वाले पीड़ित छात्र की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गयी। पुलिस के अनुसार, सरदार सिंह इंटर कॉलेज की 12वीं कक्षा के पीड़ित छात्र विकास गौतम ने आरोप लगाया कि उसने शुक्रवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर बाबा साहब भीम राव अंबेडकर पर भाषण दिया और भाषण के समापन में 'जय भीम-जय भारत' कहा, जिसके बाद स्कूल के ही छात्र अजय कुमार ने उसे धमकी दी।

विद्यार्थियों ने साथी छात्र पर किया हमला

शिकायकर्ता के मुताबिक, अजय कुमार ने स्कूल के बाहर दो अन्य विद्यार्थियों के साथ मिलकर उससे मारपीट की। चंदौसी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि बनिया ठेर थाना क्षेत्र के एक स्कूल में कार्यक्रम के दौरान तीन विद्यार्थियों में आपस में झगड़ा हो गया, जिसके संबंध में दो विद्यार्थियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (स्‍वेच्‍छा से किसी को चोट पहुंचाना), 504 (शांतिभंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 506 (आपराधिक धमकी) और अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गयी। उन्‍होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!