बाड़मेर : जिले के नागाणा काऊ का खेड़ा इलाके में तेल उत्खनन क्षेत्र के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान के खेत से अचानक जमीन फटने के साथ क्रूड ऑयल जैसी धारा फूट पड़ी। यह घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। क्षेत्र में संचालित तेल कंपनी केयर्न वेदांताके वेल पैड संख्या 8 के निकट हुई इस घटना से किसानों और ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने तुरंत कंपनी अधिकारियों और जिला प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद कंपनी की तकनीकी टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो रिसाव पूरी तरह रोका जा सका है और न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि पदार्थ किस स्रोत से निकल रहा है।
खेत मालिक का आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र में जमीन और मकानों में दरारें आ रही हैं, जिसकी शिकायत कई बार कंपनी को दी गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। घटना की सूचना पर भाजपा नेता दीपक कड़वासरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कंपनी प्रतिनिधियों से वार्ता कर किसान को उचित मुआवजा दिलाने और समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
50 टैंकर तेल भरकर ले गए किसान
किसान ने बताया कि उसे किसी ने बताया कि आपके खेत में तेल निकल रहा है। सूचना मिलने के बाद जब मैं वहां पहुंचा तो तेल पूरी खेत में फैलता जा रहा था। उससे खेत खराब हो रहे थे। सूचना के बाद अधिकारी जब यहां पहुंचे तो उन्होंने कहा कि पहले इसे कंट्रोल करने दो फिर बात करेंगे। जमीन के काफी नीचे से तेल आ रहा है और रातभर में कम से कम 50 टैंकर तेल भर लिया गया है।
किसान ने बताया कि उसकी 100 बीघे के आसपास जमीन बर्बाद हो गई और तेल की वजह से उसमें खेती करने लायक नहीं बची है। बताया कि ऑयल और गैस की पाइपलाइन के चलते जमीनें खराब हो रही हैं। ये तेल 12 फुट नीचे जमीन से आ रहा है। फिलहाल किसान ने बर्बाद हुए खेत के लिए मुआवजे की मांग की है।
