Kota Crocodile News: राजस्थान के कोटा शहर के बोरखेड़ा क्षेत्र स्थित कोरल पार्क इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ अचानक एक प्राइवेट हॉस्टल के परिसर में पहुंच गया। देखते ही देखते वह हॉस्टल की मैस तक जा पहुंचा, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और छात्रों में अफरातफरी फैल गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मैस में अचानक घुसा मगरमच्छ
जानकारी के अनुसार, हॉस्टल की मैस में रोजमर्रा का काम चल रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुक की नजर अचानक फर्श पर रेंगते मगरमच्छ पर पड़ी। मगरमच्छ को सामने देखकर कुक घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए तुरंत बाहर की ओर भाग निकले। कुछ ही पलों में हॉस्टल में यह खबर फैल गई और छात्र भी मौके पर इकट्ठा हो गए। पूरी घटना मैस में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ छात्रों ने साहस दिखाते हुए मगरमच्छ को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार इधर-उधर भागता रहा। स्थिति को देखते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही विभाग की रेस्क्यू टीम जरूरी उपकरणों के साथ हॉस्टल पहुंची और काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने में सफलता हासिल की।
आसपास के इलाके में भी डर का माहौल
वन विभाग की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि मगरमच्छ पास से गुजर रहे नाले के रास्ते हॉस्टल परिसर में पहुंच गया था। बारिश के मौसम में जलस्तर बढ़ने के कारण अक्सर जलीय जीव अपने प्राकृतिक आवास से बाहर निकल आते हैं, जिससे ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। घटना के बाद कोरल पार्क और आसपास के इलाके में भी डर का माहौल है।
वन विभाग ने की लोगों से अपील
वन विभाग के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और लोगों से अपील की है कि वे नालों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें। यदि किसी भी जंगली या खतरनाक जीव की मौजूदगी दिखाई दे तो उसे पकड़ने का प्रयास करने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
