शहर

खुद को PM के प्रधान सचिव की बेटी और दामाद बताकर करते थे ठगी, गिरफ्तारी के बाद खुली पोल

ओडिशा पुलिस ने एक चौंकाने वाले मामले में एक दंपति को गिरफ्तार किया है। यह दंपति खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव पीके मिश्रा की बेटी और दामाद बताकर लोगों से धोखाधड़ी कर रहा था।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : Times Now Digital

खुद को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सचिव पीके मिश्रा की बेटी और दामाद बताकर लोगों से धोखाधड़ी करने के आरोप में एक दंपति को ओडिशा में गिरफ्तार किया गया है। ओडिशा पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दंपति की पहचान हंसिता अभिलिप्सा (38) और अनिल कुमार मोहंती के रूप में हुई है। ऐसा माना जाता है कि मोहंती अभिलाषा का पति है।

पुलिस ने मामला किया दर्ज

पुलिस ने बताया कि दंपति पर आरोप है कि उन्होंने प्रभावशाली लोगों के साथ अपने संबंध होने का दावा कर लोगों के साथ धोखाधड़ी की है। भुवनेश्वर के जोन 6 के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त स्वराज देबता ने बताया, ‘‘दोनों को रविवार को गिरफ्तार किया गया और उन पर बीएनएस की धारा 329(3), 319(2), 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पीके मिश्रा की बेटी और दामाद बताया था।’’

कैसे हुआ खुलासा?

पुलिस ने दंपति के घर से कई तस्वीरें बरामद की हैं, जिसमें वे मुख्य सचिव समेत जाने-माने लोगों के साथ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों ने कथित तौर पर भुवनेश्वर में अमीर व्यापारियों, बिल्डर, खनन संचालकों और अन्य प्रभावशाली लोगों को ठगा। अधिकारियों ने बताया कि दंपति ने प्रभावशाली लोगों के साथ की तस्वीरों में छेड़छाड़ की और इनका इस्तेमाल पीड़ितों से संपर्क करने के लिए किया तथा उन्हें ‘टेंडर’ (निविदा) पास कराने में मदद का झूठा वादा किया। हंसिता कंधमाल जिले की निवासी है, जबकि मोहंती एक छोटा व्यवसायी है। एक खदान मालिक की शिकायत के बाद दंपति को गिरफ्तार किया गया।

इनपुटः भाषा

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article