ओड़िशा के नुआपाड़ा में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पलटाने की साजिश सामने आई है। हालांकि, लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ा रेल हादसा टल गया और ट्रेन पलटाने की साजिश नाकाम हो गई। दरअसल, नुआपाड़ा फाटक के पास रेल की पटरियों पर किसी ने एक बड़ा सा पत्थर रख दिया था। लोको पायलट ने जैसे ही बड़े से पत्थर को देखा, उन्होंने तुरंत वंदे भारत एक्स्प्रेस रोक दी और स्टेशन मास्टर को सूचित किया, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।
फाइल फोटो।
ट्रैक पर रखा गया था पत्थर
इस साजिश की वजह से वंदे भरत एक्स्प्रेस करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर खड़ी रही। पत्थर को हटाने के बाद रेल यातायात संभव हो पाया। घटना रविवार देर रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस विशाखापटनम से दुर्ग जा रही थी, तभी नुआपाड़ा और खरियार के बीच ये घटना घटी है।
मामले की जांच जारी
पूर्व तट रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी निहार महांति ने घटना की पुष्टि की है और उनके मुताबिक रेलवे विभाग अभी इस मामले की जांच कर रहा है। ये हरकत किसने और क्यों की, इसकी भी जांच अभी चल रही है।
